गोरखपुर. श्रीकृष्ण जन्माष्टमी 2026 के मौके पर गोरखनाथ मंदिर में शुक्रवार रात भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला. गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण का प्राकट्योत्सव परंपरागत विधि-विधान से मनाया. आधी रात जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ, पूरा मंदिर परिसर ‘नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैयालाल की’ के जयघोष से गूंज उठा.
इसे भी पढ़ें- यूपी में फिर एक्टिव मानसून, 22 जिलों में येलो अलर्ट; 26 जिलों में बाढ़ जैसे हालात
गुरु गोरखनाथ और महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर किया पूजन
लखनऊ से गोरखपुर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सीधे गोरखनाथ मंदिर पहुंचे. उन्होंने सबसे पहले शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया. इसके बाद अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर मत्था टेककर पुष्पार्चन किया और उनका आशीर्वाद लिया. मंदिर में जन्माष्टमी के अवसर पर महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में भजन संध्या का आयोजन किया गया था. मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में पहुंचकर भजनों का आनंद लिया और राधा-कृष्ण के रूप में सजे बच्चों से मुलाकात की.
रात 12 बजे हुआ कान्हा का प्राकट्य, CM योगी ने झुलाया पालना
गोरखनाथ मंदिर के गर्भगृह में रात करीब साढ़े 11 बजे श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का मुख्य अनुष्ठान शुरू हुआ. मध्य रात्रि ठीक 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य के साथ मंदिर में मंगल गीत, सोहर और घंटा-घड़ियाल की ध्वनि गूंजने लगी. प्राकट्य अनुष्ठान के बाद गोरक्षपीठाधीश्वर बाल स्वरूप लड्डू गोपाल को गोद में लेकर गर्भगृह से बाहर आए. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फूलों से सजे पालने में लड्डू गोपाल को विराजमान कराया और श्रद्धाभाव से उन्हें झुलाया. इसके बाद आरती उतारी गई. धार्मिक अनुष्ठान पूरा होने पर श्रद्धालुओं को फलाहार और प्रसाद वितरित किया गया.
राधा-कृष्ण बने बच्चों पर बरसा CM योगी का प्यार
जन्माष्टमी समारोह में बच्चों की राधा-कृष्ण रूप सज्जा ने खास आकर्षण बढ़ाया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों से बातचीत की, उन्हें दुलार किया और खिलौने व चॉकलेट उपहार में दिए. कई बच्चों को उन्होंने अपनी गोद में लेकर प्यार-दुलार किया. कुछ बच्चों ने मुख्यमंत्री को दोहे और श्लोक सुनाए, जबकि कई बच्चों ने उनके साथ सेल्फी भी ली. मुख्यमंत्री ने बच्चों की फरमाइशें पूरी करते हुए उनके साथ काफी सहज अंदाज में समय बिताया.
बाल रूप सज्जा प्रतियोगिता में बच्चों ने जीते पुरस्कार
गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में आयोजित श्रीकृष्ण बालरूप सज्जा प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में बच्चों ने हिस्सा लिया. कोई कान्हा बना तो कोई राधा के रूप में नजर आया. बच्चों की वेशभूषा से पूरा सभागार गोकुल जैसा नजर आ रहा था. प्रतियोगिता के कान्हा वर्ग में शर्विल पांडेय ने प्रथम, सौम्या प्रजापति ने द्वितीय और हिमांशी श्रीवास्तव ने तृतीय पुरस्कार हासिल किया. गोपाल वर्ग में सार्थक को पहला, राजवीर को दूसरा और रूद्र को तीसरा पुरस्कार मिला. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विजेता बच्चों को प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया.
इसे भी पढ़ें- अचानक हुई कार्रवाई से महकमे में हड़कंप! सीएम योगी ने एक झटके में 5 बड़े अधिकारियों को किया सस्पेंड, जानें पूरा मामला
जन्माष्टमी के इस आयोजन में बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार संदीप सिंह, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक फतेह बहादुर सिंह समेत कई साधु-संत और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे. मध्य रात्रि तक मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से भरा रहा.



