लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग ने प्रदेश के 22 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. अगले पांच दिनों तक कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. वहीं, गंगा-यमुना समेत 10 से अधिक नदियों के उफान पर होने से 26 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं.

इसे भी पढ़ें- अचानक हुई कार्रवाई से महकमे में हड़कंप! सीएम योगी ने एक झटके में 5 बड़े अधिकारियों को किया सस्पेंड, जानें पूरा मामला

3.53 लाख लोग प्रभावित, हजारों सुरक्षित स्थानों पर पहुंचे

बाढ़ के चलते प्रदेश में करीब 3.53 लाख लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं. प्रशासन ने अब तक 17,544 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है. फिलहाल 4,847 लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं. कई इलाकों में जलभराव के कारण ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ी हुई हैं.

अगले 48 घंटे पश्चिमी यूपी में भारी बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटे मध्य प्रदेश के उत्तर-मध्य हिस्से के आसपास कम दबाव का क्षेत्र अर्द्ध-स्थिर रह सकता है. इसके प्रभाव से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तरी हरियाणा के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है.

6 से 8 सितंबर तक पूर्वी यूपी में बढ़ेगा बारिश का जोर

मौसम प्रणाली के आगे बढ़ने और दिशा बदलने के कारण 6 से 8 सितंबर के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. उन्नाव, महोबा, ललितपुर, कानपुर और मिर्जापुर समेत कई जिलों में बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर से पहले ही हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं. कई जगह सड़कों और घरों तक पानी पहुंच गया है.

इसे भी पढ़ें- किसानों से ठगी, उद्योगपतियों की गुलामी! अखिलेश यादव का BJP पर करारा प्रहार, बताया ‘पूंजीपतियों की बिचौलिया सरकार’

सितंबर के दूसरे सप्ताह में बारिश कुछ घट सकती है

मौसम विभाग के अनुसार मौजूदा सिस्टम का प्रभाव धीरे-धीरे कम होने के बाद सितंबर के दूसरे सप्ताह की शुरुआत में प्रदेश में बारिश की गतिविधियां घट सकती हैं. हालांकि स्थानीय स्तर पर बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. प्रशासन बाढ़ प्रभावित इलाकों पर नजर बनाए हुए है और लोगों से जलभराव तथा तेज बहाव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की जा रही है.