लखनऊ. उत्तर प्रदेश की राजनीति में PDA को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के PDA में ‘P’ का मतलब पाकिस्तान बताए जाने वाले बयान पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने पलटवार किया है. अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी PDA से घबरा गई है, इसलिए उसकी परिभाषा बदलने की कोशिश कर रही है.

अखिलेश यादव ने कहा, “P का मतलब पाकिस्तान बताने वाली बीजेपी का मतलब है- भाग जाओ पाकिस्तान.” उन्होंने PDA की नई परिभाषा बताते हुए कहा कि PDA का मतलब प्रेम, दया और अपनापन है. उन्होंने जनता से ऐसी सरकार बनाने की अपील की.

इसे भी पढ़ें- सपा को 2027 में सैफई भेज देगी जनता, केशव मौर्य का अखिलेश पर बड़ा हमला

“PDA से घबराई बीजेपी, इसलिए बदल रही परिभाषा”

अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी को PDA की ताकत का एहसास हो गया है. उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ रही है. सपा प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी 2027 विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तैयारी कर रही है. उन्होंने कहा कि सपा और उसके सहयोगी दल 403 विधानसभा सीटों पर चुनावी रणनीति बना रहे हैं.

महंगाई और स्कूलों के मुद्दे पर सरकार को घेरा

अखिलेश यादव ने महंगाई को लेकर भी बीजेपी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि आज हर चीज महंगी हो गई है. पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने को लेकर उन्होंने सरकार पर सवाल उठाए और कहा कि इससे आम लोगों पर असर पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो प्राथमिक स्कूलों की व्यवस्था सुधारने का काम किया जाएगा. उन्होंने कहा कि आज सच बोलना भी मुश्किल हो गया है.

प्रयागराज और लखनऊ में जलभराव पर उठाए सवाल

पूर्व मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों को लेकर भी सरकार पर हमला बोला. उन्होंने प्रयागराज और लखनऊ में जलभराव का मुद्दा उठाते हुए कहा कि विकास के नाम पर बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हालात अलग हैं. बुलेट प्रूफ जैकेट के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें इसकी जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि जिन्हें ज्यादा जरूरत है, उनसे जाकर पूछा जाना चाहिए.

डेयरी नीति और दिव्यांगों के लिए किए वादे

अखिलेश यादव ने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो डेयरी कारोबार को बढ़ावा देने के लिए नई नीति लाई जाएगी. उन्होंने कहा कि पशुपालन और व्यापार से जुड़े लोगों को लाभ पहुंचाने की दिशा में काम किया जाएगा.

इसे भी पढ़ें- लखनऊ डबल मर्डर-सुसाइड में नया मोड़: गर्भपात के बाद ऐसा क्या हुआ कि एक ही झटके में खत्म हो गईं तीन जिंदगियां?

दिव्यांगों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर दिव्यांगों के लिए अलग घोषणा पत्र तैयार किया जाएगा और जरूरतमंदों को इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर देने का काम किया जाएगा. अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार की योजनाओं पर भी सवाल उठाए और कहा कि उनकी पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाती रहेगी.