अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली, किसानों की समस्याओं, महंगाई और भ्रष्टाचार को लेकर निशाना साधा. उन्होंने 2027 विधानसभा चुनाव में सपा की सरकार बनाने के लिए पीडीए की बूथ स्तर तक तैयारी का दावा किया.

सतीश सिंह, लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर स्वास्थ्य सेवाओं, किसानों और महंगाई को लेकर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि भाजपा राज में स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह बदहाल हैं. किसानों की सुनवाई नहीं है और महंगाई व भ्रष्टाचार ने जनता की कमर तोड़ दी है. भाजपा सरकार के जाने के बाद ही प्रदेश की समस्याओं का समाधान संभव होगा.

सोमवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में किसानों और युवाओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अस्पतालों में मरीजों के इलाज के नाम पर लूट मची है, कोई देखने वाला नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि गलत दवाओं के कारण कई मरीजों को गंभीर नुकसान उठाना पड़ा है.

इस दौरान उन्होंने फिरोजाबाद के शिकोहाबाद निवासी अंकित राठौर का हालचाल भी जाना. उन्होंने आरोप लगाया कि लोहिया संस्थान में गलत इंजेक्शन लगाए जाने के बाद अंकित का हाथ काटना पड़ा है. अखिलेश ने कहा कि उन्होंने इस मामले में लोहिया अस्पताल प्रशासन से भी बात की है.

स्वास्थ्य सेवाओं का मुद्दा

अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी सरकार के दौरान घायलों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने के लिए 108 एंबुलेंस सेवा शुरू की गई थी. नवजात बच्चों और प्रसूताओं के लिए 102 एंबुलेंस सेवा तथा अपराध नियंत्रण के लिए यूपी डायल-100 पुलिस रिस्पांस सिस्टम शुरू किया गया था.

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने इन जनहित की सेवाओं को बर्बाद कर दिया है.

इस दौरान डॉ. दिग्विजय भाटी के नेतृत्व में भारतीय किसान यूनियन (बीआर आंबेडकर) से जुड़े किसानों ने उनसे मुलाकात की. डॉ. भाटी ने बताया कि किसान अमरोहा से करीब 400 किलोमीटर का सफर ट्रैक्टर-ट्रॉली से तय कर लखनऊ पहुंचे हैं.

वहीं मुकेश सिद्धार्थ, राष्ट्रीय संयोजक आंबेडकर सेना मेरठ ने ललिता गौतम प्रकरण में न्याय की लड़ाई के दौरान सहयोग के लिए अखिलेश यादव का आभार जताया. उन्होंने बताया कि इस संघर्ष में 16 आंदोलनकारियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए हैं.

वहीं गाजियाबाद के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कृष्ण रूहेला ने अखिलेश यादव को ‘गुमनाम क्रांतिकारी’ पुस्तक भेंट की.

किसान सबसे ज्यादा परेशान

सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार में किसान सबसे ज्यादा परेशान है. किसानों की समस्याओं पर सरकार गंभीरता से ध्यान नहीं दे रही है. उन्होंने कहा कि महंगाई और भ्रष्टाचार के कारण आम आदमी का जीवन मुश्किल हो गया है.

इस दौरान किसान नेताओं ने कहा कि प्रदेश में सामाजिक न्याय, लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण की व्यवस्था को बचाने के लिए अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाना जरूरी है.

अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में अब ज्यादा समय नहीं बचा है. जनता में भाजपा सरकार को लेकर आक्रोश है और समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए पीडीए बूथ स्तर तक तैयारी कर रहा है.

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार से छुटकारा पाने के लिए बदलाव के लिए तैयार है.