लखनऊ. उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पुराने कार्यक्रमों और नई योजनाओं को लेकर अपने चुनावी एजेंडे को सामने रख रहे हैं. इसी कड़ी में उन्होंने ‘कन्या विद्याधन योजना’ को दोबारा शुरू करने का दावा किया है. अखिलेश के मुताबिक, सपा की सरकार बनने पर 12वीं पास छात्राओं को इस योजना के तहत 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी.
इसे भी पढ़ें- ‘अतीक-आजम-मुख्तार चलाते थे सरकार’, यूपी में अखिलेश यादव के खिलाफ पोस्टर वार
पहले 30 हजार रुपये तक मिलती थी मदद
कन्या विद्याधन योजना की शुरुआत मुलायम सिंह यादव सरकार के दौरान हुई थी. बाद में अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री रहते इसकी सहायता राशि बढ़ाकर 30 हजार रुपये की गई थी. योजना के तहत पात्र छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता देने का प्रावधान था. अब अखिलेश यादव ने सत्ता में आने पर इसे नए स्वरूप में फिर लागू करने की बात कही है.
महिलाओं के लिए 40 हजार रुपये सालाना का प्रस्ताव
अखिलेश यादव इससे पहले ‘स्त्री सम्मान-समृद्धि योजना’ के तहत महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये देने का प्रस्ताव रख चुके हैं. अगस्त में उन्होंने कहा था कि सपा सरकार बनने पर महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए यह योजना लागू की जाएगी.
लैपटॉप, मोबाइल और साइकिल का भी जिक्र
सपा प्रमुख ने छात्राओं के लिए लैपटॉप और मोबाइल उपलब्ध कराने की योजना का भी जिक्र किया है. उन्होंने कहा है कि इंटरमीडिएट पास करने वाली छात्राओं को लैपटॉप देने की व्यवस्था फिर शुरू की जाएगी. ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं के लिए साइकिल और महिलाओं के लिए विशेष अवकाश जैसी घोषणाओं को भी पार्टी अपने प्रस्तावित एजेंडे में शामिल कर रही है.
इसे भी पढ़ें- हुनर दिखाओ, बाजार पकड़ो, रोजगार दो… योगी की पाती में युवाओं के लिए बड़ा विजन
पुराने वादों को नए स्वरूप में लाने की तैयारी
सपा के प्रस्तावित एजेंडे में महिलाओं की आर्थिक मदद, शिक्षा, तकनीकी सुविधाएं और आवास से जुड़े मुद्दे शामिल हैं. अखिलेश यादव पहले समाजवादी पेंशन योजना का भी जिक्र कर चुके हैं. पार्टी का कहना है कि 2027 के चुनाव में महिलाओं और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर विशेष जोर रहेगा. हालांकि, इन योजनाओं का अंतिम स्वरूप और बजट आवंटन चुनावी घोषणा पत्र में स्पष्ट किया जाना बाकी है.



