अंडर-20 वर्ल्ड एथलेटिक्स में रजत पदक जीतने वाले आशीष यादव और कॉमनवेल्थ गेम में महिला जूडो की स्वर्ण पदक विजेता अस्मिता डे ने अखिलेश यादव से मुलाकात की. अखिलेश यादव ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

सतीश सिंह, लखनऊ. अंडर-20 वर्ल्ड एथलेटिक्स में सिल्वर पदक जीतने वाले मिर्जापुर के आशीष यादव और कॉमनवेल्थ गेम में महिला जूडो में स्वर्ण पदक विजेता अस्मिता डे ने सोमवार को प्रदेश कार्यालय में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की. इस मौके पर अखिलेश यादव ने दोनों खिलाड़ियों को सफलता के लिए बधाई दी और सम्मानित किया.

अखिलेश यादव ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करती है. समाजवादी पार्टी की सरकारों में खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया था. प्रदेश के कई खिलाड़ियों को यशभारती सम्मान दिया गया था.

गौरतलब है कि अखिलेश यादव का मानना रहा है कि खिलाड़ियों की उपलब्धियों को केवल पदक तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि उन्हें उचित सम्मान, आर्थिक प्रोत्साहन और बेहतर अवसर देकर नई पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रेरित किया जाना चाहिए. उनके कार्यकाल में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए पुरस्कार राशि बढ़ाने तथा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की दिशा में भी कदम उठाए गए थे.