लखनऊ. उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी और पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के बीच तल्खी एक बार फिर सामने आ गई है. अपनी जनता पार्टी के इंडिया गठबंधन में शामिल होने के मौर्य के ऐलान पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने साफ जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य उनके गठबंधन का हिस्सा नहीं हैं. वे सपा की सीटों की गिनती में भी शामिल नहीं हैं. अखिलेश ने मीडिया से मौर्य को नजरअंदाज करने की बात भी कही.
इसे भी पढ़ें- युवाओं के कौशल को निखारकर रोजगार से जोड़ेगी योगी सरकार, आज शुरू होगी नई योजना
दरअसल, स्वामी प्रसाद मौर्य ने अक्टूबर की शुरुआत में दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात की थी. इसके बाद उन्होंने अपनी पार्टी के इंडिया गठबंधन में शामिल होने की घोषणा की. इस पर अखिलेश की प्रतिक्रिया से दोनों नेताओं के बीच पुरानी राजनीतिक दूरी फिर चर्चा में आ गई है.
2022 चुनाव से पहले सपा में आए थे मौर्य
स्वामी प्रसाद मौर्य 2022 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले बीजेपी छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल हुए थे. सपा ने उन्हें राष्ट्रीय महासचिव बनाया था. उन्हें विधान परिषद सदस्य यानी एमएलसी भी बनाया गया. हालांकि, पार्टी में कुछ समय बाद उनके और अखिलेश यादव के बीच मतभेद बढ़ने लगे.
2024 में सपा छोड़ बनाई अपनी पार्टी
वैचारिक मतभेदों का हवाला देते हुए मौर्य ने 2024 की शुरुआत में सपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था. उन्होंने एमएलसी पद भी छोड़ दिया. इसके बाद उन्होंने अपनी जनता पार्टी बनाई. तब से वह लगातार सपा और अखिलेश यादव पर निशाना साधते रहे हैं.
PDA की राजनीति पर भी उठाए थे सवाल
मौर्य ने सपा की PDA राजनीति पर भी सवाल उठाए थे. उन्होंने कहा था कि अखिलेश यादव PDA में ‘D’ का मतलब कभी दलित बताते हैं तो कभी डिंपल यादव. मौर्य ने इसे लेकर अखिलेश की राजनीतिक समझ पर सवाल उठाया था.
इसे भी पढ़ें- युवाओं के कौशल को निखारकर रोजगार से जोड़ेगी योगी सरकार, आज शुरू होगी नई योजना
बोले थे- अखिलेश से वैचारिक मतभेद, मनभेद नहीं
सपा छोड़ने के बाद मौर्य ने कहा था कि अखिलेश यादव से उनके वैचारिक मतभेद हैं, मनभेद नहीं. उन्होंने आरोप लगाया था कि अखिलेश ने उनके इस्तीफे के बाद उनसे बात करना भी जरूरी नहीं समझा. वहीं, मौर्य के पार्टी छोड़ने पर अखिलेश ने कहा था कि किसी के मन में क्या चल रहा है, यह कोई नहीं जानता. उन्होंने यह भी कहा था कि हर कोई अपने फायदे के लिए भाग रहा है.

