वाराणसी. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज मंगलवार, 3 नवंबर को वाराणसी पहुंच रहे हैं. वह दोपहर 12 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे. इसके बाद जिले के अलग-अलग इलाकों में जाकर पार्टी कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों से मुलाकात करेंगे. सपा नेताओं के मुताबिक, उनका यह दौरा कार्यकर्ताओं का दुख-दर्द बांटने के लिए है. इस दौरान वह दिवंगत पदाधिकारी राजेश यादव के परिवार से मिलेंगे. साथ ही बीमार और दुर्घटना में घायल कार्यकर्ताओं का हाल भी जानेंगे.
सपा के सक्रिय पदाधिकारी राजेश यादव का बीते दिनों निधन हो गया था. अखिलेश यादव उनके परिवार से मुलाकात कर संवेदना जताएंगे. पार्टी के वाराणसी जिला अध्यक्ष लक्कड़ यादव ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष कार्यकर्ताओं के दुख में शामिल होने आ रहे हैं. इस मुलाकात के जरिए वह परिवार को ढांढस बंधाएंगे.
इसे भी पढ़ें- फतेहपुर में मंत्री कृष्णा पासवान की बहन से मारपीट, राइफल-तमंचे से हवाई फायरिंग का आरोप
बीमार सतीश फौजी का भी जानेंगे हाल
अखिलेश यादव पार्टी के पुराने कार्यकर्ता सतीश फौजी के परिवार से भी मिलेंगे. सतीश फौजी की तबीयत काफी खराब बताई जा रही है. अखिलेश उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेंगे और परिवार से मुलाकात करेंगे. इसके अलावा दुर्घटना में घायल एक अन्य सपा कार्यकर्ता से भी मिलने का कार्यक्रम है.
जिलाध्यक्ष ने दी दौरे की जानकारी
सपा जिला अध्यक्ष लक्कड़ यादव ने बताया कि अखिलेश यादव का पूरा कार्यक्रम पार्टी कार्यकर्ताओं से जुड़ा है. वह उन परिवारों के बीच पहुंचेंगे, जो मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं. पार्टी नेताओं के मुताबिक, दौरे में कार्यकर्ताओं से बातचीत भी होगी. हालांकि, सभी स्थानों का विस्तृत कार्यक्रम सामने नहीं आया है.
इसे भी पढ़ें- यूपी में पांच दिन अवैध हिरासत में रखने पर हाईकोर्ट सख्त, देना होगा 1.25 लाख रुपये मुआवजा
पोस्टर-बैनर से सजे रास्ते, स्वागत की तैयारी
अखिलेश यादव के आगमन को लेकर वाराणसी में सपा कार्यकर्ताओं ने तैयारियां की हैं. शहर के अलग-अलग मार्गों पर पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं. कार्यकर्ता अपने नेता के स्वागत के लिए उत्साहित हैं. कई जगहों पर स्वागत की व्यवस्था की गई है. पार्टी कार्यकर्ताओं को उम्मीद है कि अखिलेश यादव के दौरे से उनका मनोबल बढ़ेगा.

