फतेहपुर. उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में राज्य मंत्री कृष्णा पासवान की बड़ी बहन रामा देवी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि रविवार शाम समशाही गांव में पड़ोसी युवक को बचाने पहुंचीं रामा देवी को हमलावरों ने पीट दिया. इस दौरान राइफल और तमंचे से हवाई फायरिंग भी की गई. परिवार का आरोप है कि घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की है. वहीं, दूसरे पक्ष ने रामा देवी पर कृषि भूमि कब्जाने का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

इसे भी पढ़ें- यूपी में पांच दिन अवैध हिरासत में रखने पर हाईकोर्ट सख्त, देना होगा 1.25 लाख रुपये मुआवजा

युवक को रास्ते में घेरकर पीटने का आरोप

समशाही गांव के रहने वाले शिवसागर निषाद ने पुलिस को बताया कि गांव के सनद सिंह गौतम, अभिलाष सिंह गौतम समेत आठ लोगों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया. इसके बाद सभी ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. इसी दौरान वहां से गुजर रहीं पूर्व प्रधान रामा देवी ने उन्हें बचाने की कोशिश की.

गर्भवती महिला को भी पीटने का आरोप

शोर सुनकर शिवसागर के छोटे भाई की पत्नी रेशमा भी मौके पर पहुंचीं. आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की. परिवार का कहना है कि रेशमा गर्भवती हैं. आरोप है कि मारपीट के दौरान युवकों ने राइफल और तमंचे से हवाई फायरिंग भी की. इससे गांव में दहशत फैल गई.

दूसरे पक्ष ने लगाया जमीन कब्जाने का आरोप

वहीं, दूसरे पक्ष ने मारपीट के आरोपों को खारिज किया है. उनका कहना है कि रामा देवी कृषि भूमि पर कब्जा कर रही हैं. इस मामले में वे जिलाधिकारी समेत कई अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं. दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर विवाद बताया जा रहा है.

इसे भी पढ़ें- बरेली में BJP की बड़ी पदयात्रा आज, जेपी नड्डा और केशव मौर्य होंगे शामिल; स्कूल बंद

एसपी बोले- जांच के आधार पर होगी कार्रवाई

परिवार ने आरोप लगाया है कि घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की. पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की पड़ताल कर रही है.