बरेली. बरेली में आज मंगलवार, 3 नवंबर को भाजपा विपक्ष के खिलाफ ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकालेगी. इसमें केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य शामिल होंगे. भाजपा ने दावा किया है कि पदयात्रा में बरेली मंडल की सभी विधानसभाओं से 25 हजार से अधिक कार्यकर्ता पहुंचेंगे. भीड़ को देखते हुए शहर में ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा. वहीं, नगर क्षेत्र के नर्सरी से कक्षा आठ तक के स्कूल बंद रहेंगे.
इसे भी पढ़ें- UP Weather: बारिश थमते ही छाया कोहरा, रात में 3 डिग्री तक गिरेगा पारा; नवंबर में पूर्वांचल में बारिश के आसार
दोपहर 12:30 बजे बरेली पहुंचेंगे दोनों नेता
जेपी नड्डा और केशव प्रसाद मौर्य दोपहर 12:30 बजे बरेली पहुंचेंगे. सबसे पहले राजेंद्र नगर स्थित स्वयंवर बारातघर में जनसभा होगी. इसके बाद यहीं से करीब 2.15 किलोमीटर लंबी पदयात्रा निकाली जाएगी. यह बांके बिहारी मंदिर और सील चौराहा होते हुए शहीद पंकज अरोड़ा चौक तक पहुंचेगी. कार्यक्रम में मंडल के सांसद, विधायक और जिलाध्यक्ष भी शामिल होंगे. दोनों नेता करीब तीन घंटे बरेली में रहेंगे और दोपहर 3:30 बजे दिल्ली रवाना हो जाएंगे.
25 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं के जुटने का दावा
पदयात्रा की तैयारियों को लेकर सोमवार को भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने स्वयंवर बारातघर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. इस दौरान ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरन लाल लोधी, सांसद छत्रपाल गंगवार, एमएलसी रजनीकांत माहेश्वरी, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना समेत कई नेता मौजूद रहे. भाजपा ने पदयात्रा में 25 से 50 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना जताई है.
विपक्ष की राजनीति के खिलाफ संदेश देने की तैयारी
एमएलसी रजनीकांत माहेश्वरी ने बताया कि पदयात्रा का उद्देश्य विपक्ष की नकारात्मक राजनीति के खिलाफ जनता तक संदेश पहुंचाना है. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष भाजपा सरकार के फैसलों पर बेवजह आरोप लगाता है. पदयात्रा के जरिए इन आरोपों का जवाब दिया जाएगा.
इसे भी पढ़ें- अग्निवीरों के लिए सीएम योगी का बड़ा एलान, हर विभाग में मिलेगा 20% आरक्षण, बिना परीक्षा सीधी भर्ती
भारी वाहनों पर रोक, स्कूल भी रहेंगे बंद
कार्यक्रम के चलते मंगलवार सुबह 7 बजे से समाप्ति तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा. परसाखेड़ा रोड नंबर-1, विल्वा पुल, लालपुर कट और बुखारा मोड़ समेत कई रास्तों से भारी वाहन नहीं आ सकेंगे. बदायूं जाने वाले वाहनों को झुमका तिराहा, बड़ा बाईपास, विल्वा, विलयधाम और फरीदपुर होकर भेजा जाएगा. भीड़ की आशंका को देखते हुए नगर क्षेत्र में नर्सरी से कक्षा आठ तक के सभी बोर्ड के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है.

