लखनऊ. उत्तर प्रदेश में तीन दिन लगातार बारिश के बाद मौसम ने करवट ले ली है. सोमवार (2 नवंबर) सुबह वाराणसी, गोरखपुर और देवरिया समेत 10 से ज्यादा शहरों में घना कोहरा छाया रहा. बारिश थमने के बाद दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई. हालांकि, रात में ठंड बढ़ने के आसार हैं.
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो से तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. सुबह हल्का से मध्यम कोहरा पड़ने की संभावना है. फिलहाल प्रदेश में बारिश का कोई बड़ा दौर आने का अनुमान नहीं है.
इसे भी पढ़ें- अनुप्रिया पटेल फिर बनीं अपना दल की बॉस, जानिए 2027 के लिए क्या है पार्टी का मास्टरप्लान?
बारिश थमी, अब शुष्क रहेगा मौसम
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, चक्रवाती तूफान अर्णब के अवशेष कमजोर होकर निष्प्रभावी हो गए हैं. इसके साथ ही प्रदेश में व्यापक बारिश का दौर थम गया है. आने वाले दिनों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा. चक्रवाती तूफान मुरासू का भी उत्तर प्रदेश में कोई असर पड़ने की संभावना नहीं है.
नवंबर में पूर्वी यूपी में बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, नवंबर में पूर्वी उत्तर प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है. वहीं, पश्चिमी यूपी में सामान्य से कम वर्षा होने के आसार हैं. पूर्वांचल में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य या उससे कुछ कम रह सकता है. पश्चिमी यूपी में तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है.
सुबह कोहरा, रात में बढ़ेगी ठंड
बारिश के बाद सुबह के समय कोहरे का असर दिखाई दे रहा है. वाराणसी, गोरखपुर और देवरिया सहित कई शहरों में दृश्यता कम रही. अगले कुछ दिनों तक सुबह हल्का से मध्यम कोहरा पड़ सकता है. रात के तापमान में गिरावट से ठंड बढ़ने की संभावना है.
इसे भी पढ़ें- ₹40,000 और समाजवादी पेंशन! जानिए सरकार बनने पर महिलाओं के लिए क्या-क्या करने वाले हैं अखिलेश यादव?
रबी फसलों की बुवाई में सावधानी बरतें किसान
नवंबर में बारिश के अनुमान को देखते हुए किसानों को रबी फसलों की बुवाई और सिंचाई में सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है. पूर्वांचल में गेहूं, चना, मटर और सरसों की बुवाई के दौरान खेतों में जल निकासी की व्यवस्था रखें. निचले खेतों में पानी भरने से फसलों को नुकसान हो सकता है. जिन खेतों में पर्याप्त नमी है, वहां बिना जरूरत सिंचाई न करें. मौसम और मिट्टी की नमी देखकर ही बुवाई और सिंचाई का फैसला लें.

