गोंडा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अग्निवीरों को लेकर बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि चार साल की सेवा पूरी करने के बाद उत्तर प्रदेश लौटने वाले अग्निवीरों को राज्य सरकार के हर विभाग में 20 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा. उन्हें भर्ती प्रक्रिया में परीक्षा भी नहीं देनी होगी. सरकार सीधे नियुक्ति पत्र देने की व्यवस्था करेगी. मुख्यमंत्री ने सोमवार (2 नवंबर) को गोंडा में एक कार्यक्रम के दौरान यह घोषणा की.
इस दौरान योगी ने समाजवादी पार्टी पर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार में दंगे होते थे और त्योहार मनाने पर रोक लगाई जाती थी. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश दंगा और कर्फ्यू मुक्त है.
इसे भी पढ़ें- UP Weather: बारिश थमते ही छाया कोहरा, रात में 3 डिग्री तक गिरेगा पारा; नवंबर में पूर्वांचल में बारिश के आसार
अग्निवीरों को बिना परीक्षा मिलेगी नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि चार साल की सेवा पूरी कर लौटने वाले अग्निवीरों को सरकारी विभागों में 20 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा. उनके लिए परीक्षा की जरूरत नहीं होगी और सीधी भर्ती के जरिए नियुक्ति दी जाएगी. उन्होंने युवाओं को रोजगार देने की बात भी कही. सीएम ने दावा किया कि अगले छह महीने में एक लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे.
सपा सरकार पर दंगे कराने का आरोप
योगी ने कहा कि सपा उत्तर प्रदेश के लिए श्राप है. सपा सरकार में दंगे होते थे, कर्फ्यू लगता था और त्योहार मनाने में परेशानी होती थी. उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय कांवड़ यात्रा और दुर्गा पूजा का विरोध किया जाता था. सीएम ने कहा कि अब किसी को भी धार्मिक आयोजन करने से नहीं रोका जाएगा.
रामभक्तों और कांवड़ यात्रा का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने 2 नवंबर 1990 को अयोध्या में राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान हुई गोलीबारी का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने रामभक्तों पर फूल बरसाए और अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कराया. उन्होंने दावा किया कि इस बार गाजियाबाद से हरिद्वार तक कांवड़ यात्रा में साढ़े चार करोड़ श्रद्धालु शामिल हुए.
इसे भी पढ़ें- ₹40,000 और समाजवादी पेंशन! जानिए सरकार बनने पर महिलाओं के लिए क्या-क्या करने वाले हैं अखिलेश यादव?
520 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 520.83 करोड़ रुपये की 69 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाणपत्र भी बांटे. कार्यक्रम में मंडलायुक्त दुर्गाशक्ति नागपाल ने उनका स्वागत किया और त्रिशूल भेंट किया. योगी ने कहा कि प्रदेश के सभी 75 जिलों में विकास कार्य कराए जा रहे हैं.

