लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के आरोपों पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि सपा की ओर से दिए गए आंकड़ों में करीब 85 फीसदी बातें गलत हैं. वहीं, 15 फीसदी मामलों में कमियां मिली हैं. इन्हें दूर करने की प्रक्रिया चल रही है.

इसे भी पढ़ें- सिंदूर का कत्ल कर प्रेमी संग सजाना चाहती थी सेज… अदालत ने पत्नी रविता और कातिल प्रेमी को मुकर्रर की मौत की सजा

आजमगढ़ में एक नाम पर 10 वोट का दावा

अखिलेश यादव ने दावा किया था कि आजमगढ़ सदर विधानसभा क्षेत्र में विकास यादव नाम के युवक के नाम पर 10 अलग-अलग जगह वोट दर्ज हैं. उनका कहना था कि सभी प्रविष्टियों में युवक का नाम, पता और माता-पिता के नाम एक जैसे हैं. इस मामले को लेकर उन्होंने मतदाता सूची की पारदर्शिता पर सवाल उठाए थे.

भाजपा और चुनाव आयोग पर लगाए आरोप

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया था कि भाजपा चुनाव आयोग के साथ मिलकर फर्जी वोट बनवाती है. उन्होंने दावा किया था कि एक वोट संबंधित व्यक्ति डालता है, जबकि बाकी नौ वोट भाजपा के लोग डाल सकते हैं. इन आरोपों से चुनावी प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक विवाद बढ़ गया है.

इसे भी पढ़ें- मौत की ठोकरः तेज रफ्तार रोडवेज बस ने युवक को मारी ठोकर, उखड़ी सांसें, हादसा देख चीख पड़े लोग

जांच के बाद साफ होगी पूरी स्थिति

नवदीप रिणवा ने बताया कि मामले की जांच के निर्देश आजमगढ़ के जिला निर्वाचन अधिकारी को दिए गए हैं. जांच में पता लगाया जाएगा कि एक ही व्यक्ति का नाम 10 बार कैसे दर्ज हुआ. यह मानवीय गलती है, साजिश है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है, इसकी पड़ताल की जाएगी. जांच के निष्कर्ष के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी.