दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट 1073 में सवार यात्रियों की जान उस वक्त खतरे में पड़ गई, जब को-पायलट हमाम अल-हम्मामी ने कथित तौर पर अपने कैप्टन पर विमान में मौजूद कुल्हाड़ी से हमला करने की कोशिश की। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि एविएशन के प्रति जुनून रखने वाले हम्मामी की सोच में इतना बड़ा बदलाव कैसे आया।
कभी उड़ान के लिए था जुनून
हम्मामी ने जून 2022 में अरबी भाषा में सोशल मीडिया पर एविएशन के प्रति अपना प्यार जाहिर किया था। उसने लिखा था कि उड़ान और फ्लाइट ट्रेनिंग की खूबसूरती इस बात में है कि इसमें रोजमर्रा जैसा कुछ नहीं होता। उसने अपनी पहली सोलो फ्लाइट और यात्रियों के साथ पहली बार विमान लैंड कराने जैसे अनुभवों को कभी न भूलने वाला बताया था।
चरमपंथी वेबसाइटों से जुड़ा था अतीत
जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, हम्मामी के एविएशन करियर के शुरुआती दौर में ओमान एयर ने उसे उड़ान भरने से रोक दिया था। अधिकारियों को कथित तौर पर उसके चरमपंथी वेबसाइटों को देखने की जानकारी मिली थी। इसके बाद उसे डी-रेडिकलाइजेशन प्रोग्राम से गुजरना पड़ा और डेस्क जॉब दी गई।
बाद में उसने UAE में नौकरी हासिल की और फ्लाईदुबई में को-पायलट बना। जांच एजेंसियां अब यह भी पता लगा रही हैं कि उसे संवेदनशील दुबई-तेल अवीव रूट पर उड़ान की जिम्मेदारी कैसे मिली।
विमान क्रैश कराने की मंशा का दावा
UAE के अटॉर्नी जनरल के अनुसार, मामले में आतंकवादी घटना को अंजाम देने की कोशिश की जांच की जा रही है। एक सऊदी अधिकारी के मुताबिक, पूछताछ के दौरान हम्मामी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह जान-बूझकर विमान को क्रैश करना चाहता था और उसे मौत का डर नहीं था। सऊदी अरब, UAE और इजरायल की एजेंसियां यह भी जांच रही हैं कि क्या उसके किसी बाहरी संगठन या व्यक्ति से संबंध थे।
सीरिया में बीता बचपन, UAE में पढ़ाई
हम्मामी के पिता ओमानी और मां सीरियाई बताई जाती हैं। उसका बचपन सीरिया के गृहयुद्ध के दौर में बीता। बाद में उसने UAE में पढ़ाई की और एविएशन क्षेत्र में करियर बनाया। रिपोर्टों के अनुसार, ओमान एयर से उड़ान पर रोक के बाद उसने 2025 में मोरक्को की प्रमुख एयरलाइन रॉयल एयर मारोक में नौकरी पाने की कोशिश भी की थी।
अल-कायदा ने की तारीफ
इधर अल-कायदा से जुड़े एक कथित साप्ताहिक प्रकाशन ने 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों का हवाला देते हुए दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में हुई हाईजैकिंग की कोशिश की प्रशंसा की है। न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, संगठन ने अमेरिकी और इजरायली यात्रियों को ले जाने वाले विमानों को निशाना बनाने की अपील भी की।
‘अल-बयान’ में छपी कथित अपील
रिपोर्ट के अनुसार, यह सामग्री अरबी भाषा के साप्ताहिक प्रकाशन ‘अल-बयान’ के हालिया अंक में प्रकाशित हुई थी। बताया गया है कि यह प्रकाशन जुलाई में अल-कायदा समर्थकों ने शुरू किया था और इसे हटाए जाने से पहले संगठन से जुड़े टेलीग्राम चैनलों पर साझा किया गया था।
लेख में 9/11 हमलों के साथ 30 सितंबर को फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में हुई कथित घटना का उल्लेख किया गया। रिपोर्ट के अनुसार, इसमें अमेरिका और इजरायल से जुड़े विमानों को निशाना बनाने की उकसाने वाली अपील की गई।
9/11 से फ्लाईदुबई घटना की तुलना
न्यूयॉर्क पोस्ट के मुताबिक, प्रकाशन में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर से टकराते विमान की 9/11 की तस्वीर के साथ फ्लाईदुबई घटना से संबंधित तस्वीर भी शामिल थी। कथित लेख में अमेरिका और इजरायल को भविष्य में भी निशाना बनाए जाने की बात कही गई।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

