गौरव जैन, गौरेला पेण्ड्रा मरवाही। पेण्ड्रा-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर पटियाला हाउस के पास बुधवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक दुर्लभ सफेद भालू जंगल से भटककर सीधे रिहायशी इलाके और मुख्य सड़क पर आ पहुंचा। मुख्य मार्ग पर भालू की चहलकदमी देख आवागमन कर रहे राहगीर थम गए। इस दौरान उन्होंने मोबाइल में भालू का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

एल्बिनिज्म के कारण रंग है सफेद
वन विशेषज्ञों के अनुसार, यह कोई अलग प्रजाति का भालू नहीं है, बल्कि भारतीय काले भालू (स्लॉथ बियर) का ही रूप है। अनुवांशिक विकार यानी ‘एल्बिनिज्म’ (रंग वर्ण दोष) के कारण इसका रंग काला न होकर पूरी तरह सफेद होता है। बता दें कि इससे पहले भी मरवाही वनमंडल के जंगलों में इस सफेद भालू की मौजूदगी देखी जा चुकी है।

वन विभाग की टीम हुई तैनात
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम अलर्ट हो गई और तत्काल मौके पर पहुंचकर भालू की निगरानी शुरू कर दी। किसी भी संभावित मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकने के लिए विभाग भालू को सुरक्षित रूप से वापस घने जंगल की ओर मोड़ने के प्रयास में जुटा हुआ है। वन अधिकारियों ने राहगीरों और स्थानीय निवासियों से अपील की है कि वे भालू के पास न जाएं, न ही उसे घेरने या उकसाने की कोशिश करें।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

