Uttarakhand Weather Alert, देहरादून. अगले 15 घंटों में जनपद चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, ऊधमसिंह नगर और उत्तरकाशी जिलों में कुछ जगहों पर यथा पुरोला, बड़कोट, गंगोत्री, केदारनाथ, बद्रीनाथ, सोनप्रयाग, थराली, नंदा देवी पर्वत, मुनस्यारी, बेरीनाग, गंगोलीहाट, डीडीहाट, जसपुर, रुद्रपुर, खटीमा समेत आस-पास के क्षेत्रो में बिजली कड़कने के साथ भारी से बहुत भारी बारिश और आंधी-तूफान आने की संभावना है. वहीं तेज से लेकर अत्यधिक तेज बारिश होने के आसार हैं.
बता दें कि शनिवार को ही मौसम विभाग ने आंधी-तूफान और भारी बारिश की चेतावनी जारी की थी. आगामी दिनों के लिए मौसम विभाग की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट और राज्य में सक्रिय मानसून को देखते हुए सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने शनिवार को सभी जनपदों को उच्च सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए थे. एसईओसी में आयोजित बैठक में उन्होंने मानसून के दौरान अब तक विभिन्न जनपदों में हुई क्षति, राहत एवं पुनर्स्थापित कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए क्षति की रिपोर्ट शीघ्र शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे.
इसे भी पढ़ें : UTU पेपर लीक : परीक्षा नियंत्रक के प्रभार में बदलाव, दीपक कुमार संभालेंगे जिम्मेदारी
सचिव आपदा प्रबंधन ने जनपद स्तर पर प्राप्त सूचनाओं का नियमित विश्लेषण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था. उन्होंने लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई और संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को बंद पड़े सभी मार्गों, विशेष रूप से ग्रामीण मार्गों को शीघ्र खोलने के निर्देश दिए. उन्होंने अधिकारियों से मार्गों को खोलने में पेश आ रही कठिनाइयों के संबंध में जानकारी हासिल की.


