अलीगढ़. अलीगढ़ के भमोरी खुर्द गांव में प्राइमरी स्कूल के छात्रों ने जर्जर भवन को लेकर शिक्षा विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. स्कूल की हालत से डरे छात्रों ने क्लास में बैठने से इनकार कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी सुरक्षा की मांग उठाई. छात्रों का कहना है कि स्कूल की कमजोर इमारत कभी भी हादसे का कारण बन सकती है.
इसे भी पढ़ें- न किताबें, न रोशनी… फिर कैसे होगी पढ़ाई? रात के अंधेरे में सड़क पर उतरे सर्वोदय विद्यालय के छात्र
कमजोर छत और क्षतिग्रस्त बीम से खतरा
छात्रों के मुताबिक स्कूल की छत बेहद कमजोर हो चुकी है. भवन का एक बीम भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त बताया गया है, जो छत को सहारा देता है. स्कूल के कई कमरों की दीवारों की स्थिति भी खराब है. जगह-जगह प्लास्टर उखड़कर गिर रहा है. ऐसे में बच्चों ने कक्षा के अंदर बैठने से साफ इनकार कर दिया.
परिसर में झाड़ियां, सांप दिखने का दावा
स्कूल परिसर में जगह-जगह झाड़ियां उगी होने की बात भी सामने आई है. छात्रों का दावा है कि परिसर में अक्सर सांप दिखाई देते हैं. उनका कहना है कि जर्जर भवन और परिसर की खराब स्थिति के बीच पढ़ाई करना उनके लिए जोखिम भरा है. शिक्षकों ने भी भवन की स्थिति को लेकर अधिकारियों से कई बार शिकायत किए जाने की बात कही, लेकिन उनका आरोप है कि समस्या का समाधान नहीं हुआ.
अतरौली विधानसभा क्षेत्र में आता है स्कूल
भमोरी खुर्द का यह प्राथमिक विद्यालय अतरौली विधानसभा क्षेत्र में आता है. इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह करते हैं. छात्रों के विरोध का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग भी सक्रिय हुआ है. विभाग की ओर से स्कूल की स्थिति की जांच और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिए जाने की बात कही गई है.
इसे भी पढ़ेंं- लखनऊ के गेस्ट हाउस में फंदे से लटकते मिले प्रेमी युगल, हत्या या आत्महत्या?
यूपी में पहले भी प्रदर्शन कर चुके हैं बच्चे
स्कूलों की बदहाल व्यवस्था को लेकर उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बच्चे पहले भी विरोध कर चुके हैं. फतेहपुर, हमीरपुर, कन्नौज और लखनऊ में भी छात्रों के प्रदर्शन सामने आए हैं. भमोरी खुर्द के छात्रों के प्रदर्शन के बाद अब शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं.



