लखनऊ. चिनहट के देवा रोड स्थित धावा गांव के रेड बिल्डिंग गेस्ट हाउस में बुधवार (9 सितंबर 2026) को उस समय सनसनी फैल गई, जब कमरे से प्रेमी युगल के शव फंदे से लटके मिले. दोनों करीब 17 दिनों से गेस्ट हाउस के कमरा नंबर 101 में ठहरे हुए थे. सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और कमरे की जांच की. यहां से एक सुसाइड नोट और मैरिज सर्टिफिकेट बरामद हुआ है.
इसे भी पढ़ें- यूपी के 36 जिलों में आज बारिश का अलर्ट, 22 में तेज बरसात; 26 जिले बाढ़ की चपेट में
17 दिनों से गेस्ट हाउस में ठहरे थे दोनों
चिनहट पुलिस के अनुसार, मृतक युवक की पहचान हरदोई के हरपालपुर निवासी अमित कुमार (22) के रूप में हुई है. वहीं युवती की पहचान हरदोई के पालिया पंचशाला निवासी नरगिस (19) के रूप में हुई. दोनों 23 अगस्त से गेस्ट हाउस के कमरे में रह रहे थे. बुधवार को कमरे में दोनों के फंदे से लटके होने की जानकारी संचालक को हुई, जिसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी.
कमरे से मिला सुसाइड नोट और शादी का प्रमाण
पुलिस की शुरुआती जांच में कमरे से सुसाइड नोट और मैरिज सर्टिफिकेट मिला है. शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी की थी. शादी को लेकर परिजनों की नाराजगी और कथित दबाव के कारण दोनों तनाव में थे. हालांकि आत्महत्या की वास्तविक वजह पुलिस जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी.
मोबाइल और अन्य साक्ष्यों की जांच
पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर शव गृह भेज दिए हैं. सुसाइड नोट और मैरिज सर्टिफिकेट के अलावा दोनों के मोबाइल फोन और कमरे से मिले अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है. पुलिस ने मृतकों के परिजनों से संपर्क कर उन्हें घटना की जानकारी दी है. डीसीपी ईस्ट डॉ. दीक्षा शर्मा के मुताबिक, परिजनों के आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें- गोरखपुर गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में कैमरा! छात्राओं ने देखा रिकॉर्डिंग, वार्डन पर गंभीर आरोप
एक साल पहले भी हुई थी वारदात
पुलिस के मुताबिक, करीब एक साल पहले इसी रेड बिल्डिंग गेस्ट हाउस में एक युवक की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने का मामला सामने आया था. इसके बाद गेस्ट हाउस चर्चा में आया था. स्थानीय स्तर पर गेस्ट हाउस मालिक के किसान यूनियन से जुड़े होने की बात भी कही जा रही है. पुलिस मौजूदा मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है.



