लखनऊ. उत्तर प्रदेश में बारिश और बाढ़ का संकट अभी खत्म नहीं हुआ है. मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के 36 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. इनमें 22 जिलों में तेज बारिश होने की संभावना है. बीते 24 घंटे में 32 जिलों में 2.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. मानसून सीजन में प्रदेश में अब तक 651.5 मिमी बारिश हो चुकी है, यानी बारिश का कोटा पूरा हो चुका है.
इसे भी पढ़ें- न सीमेंट कमजोर था, न सरिया… फिर बरेली में कैसे गिरी पानी की टंकी? जानने के लिए पढ़ें जल निगम की रिपोर्ट
26 जिलों में बाढ़, 4 लाख लोग प्रभावित
लगातार बारिश और नदियों के उफान से प्रदेश के 26 जिले बाढ़ की चपेट में हैं. करीब 4 लाख आबादी प्रभावित बताई जा रही है. बुधवार को खराब मौसम के चलते लखीमपुर और बरेली में कक्षा 8 तक, जबकि वाराणसी में कक्षा 5 तक के स्कूल बंद रहे. पूर्वी यूपी में अधिकांश जगह बादल छाए रहे और कुछ इलाकों में बारिश हुई, जबकि मध्य और पश्चिमी यूपी में धूप निकली.
सरयू-गंगा का कहर, घर और मंदिर जलमग्न
बाराबंकी में सरयू नदी का कटान तेज है. हेतमापुर में 15 से ज्यादा मकान कटान के मुहाने पर हैं और ग्रामीण खुद घर तोड़कर सामान सुरक्षित स्थानों पर ले जा रहे हैं. प्रशासन ने प्रभावित लोगों को जमीन और प्रधानमंत्री आवास देने का आश्वासन दिया है. प्रयागराज में संगम स्थित बड़े हनुमान मंदिर में बाढ़ का पानी अब भी भरा है. कानपुर और उन्नाव में पांडू नदी का पानी बस्तियों तक पहुंच गया है.
घड़ियाल युवक को खींच ले गया, तलाश जारी
लखीमपुर में घाघरा नदी के किनारे नाव पर बैठे 24 वर्षीय युवक को घड़ियाल पानी में खींच ले गया. पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश कर रही है. फर्रुखाबाद में गंगा का पानी गांवों में घुस गया है. यहां लोग बड़ी कड़ाही को नाव की तरह इस्तेमाल कर आवाजाही कर रहे हैं. दस दिन में 15 मकान नदी में समा चुके हैं.
इसे भी पढ़ें- क्या आप भी कर रहे थे स्पेशल TET का इंतजार? 3 नवंबर की तारीख डायरी में कर लें नोट, इस बार चूक गए तो…
बिजनौर में घरों तक पहुंचा मगरमच्छ
बिजनौर में बाढ़ के पानी के साथ मगरमच्छ रिहाइशी इलाके में पहुंच गया. ग्रामीणों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद उसे पकड़कर वन विभाग को सौंप दिया. बलिया में सरयू का पानी बढ़ने से कारें और बाइकें डूब गईं. मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक मानसून अब अंतिम चरण में है और अगले 24 घंटे में मध्य व पूर्वी यूपी के ज्यादातर जिलों में बारिश थमने की संभावना है. आमतौर पर सितंबर के तीसरे सप्ताह में मानसून की वापसी होती है और इस बार भी स्थिति लगभग सामान्य समय के आसपास है.



