गोरखपुर. गोरखपुर के मोहद्दीपुर स्थित गर्ल्स हॉस्टल में छात्राओं के बाथरूम में मोबाइल कैमरे से रिकॉर्डिंग किए जाने का मामला सामने आया है. मंगलवार (8 सितंबर) देर रात एक छात्रा ने बाथरूम में मोबाइल देखकर पुलिस को 112 नंबर पर सूचना दी. इसके बाद कैंट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. छात्राओं का आरोप है कि मोबाइल में कई लड़कियों के वीडियो रिकॉर्ड मिले.

इसे भी पढ़ें- यूपी के 36 जिलों में आज बारिश का अलर्ट, 22 में तेज बरसात; 26 जिले बाढ़ की चपेट में

टीन शेड में छिपा मिला मोबाइल

हॉस्टल में करीब 20 कमरों में 26 छात्राएं रहती हैं. ये छात्राएं शहर के अलग-अलग कॉलेजों में पढ़ाई करने के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करती हैं. पुलिस के मुताबिक, रात में बाथरूम गई एक छात्रा की नजर टीन शेड में दबाकर रखे गए मोबाइल पर पड़ी. मोबाइल का कैमरा ऑन था और उसका रुख टॉयलेट की तरफ था.

मोबाइल में मिली करीब 3 घंटे की रिकॉर्डिंग

छात्राओं के मुताबिक, मोबाइल चेक करने पर करीब तीन घंटे की रिकॉर्डिंग मिली. इसमें 5-6 लड़कियों के बाथरूम इस्तेमाल करने के वीडियो होने का दावा किया गया है. छात्राओं ने इसकी सूचना पुलिस और अपने परिजनों को दी. पुलिस रात करीब 12 बजे हॉस्टल पहुंची और मोबाइल को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. छात्राओं के मुताबिक, कुछ वीडियो वायरल भी हुए हैं.

वार्डन बोलीं- सैनिटरी पैड के लिए लगाया था फोन

पूछताछ में सामने आया कि बाथरूम में रखा मोबाइल हॉस्टल की वार्डन का था. वार्डन ने पुलिस को बताया कि छात्राएं इधर-उधर सैनिटरी पैड फेंक देती थीं, इसलिए उन्होंने रात करीब 10 बजे मोबाइल को रिकॉर्डिंग मोड में रख दिया था. वार्डन ने किसी गलत मंशा से रिकॉर्डिंग करने के आरोप से इनकार किया और कहा कि हॉस्टल में छात्राओं की सुरक्षा के लिए कैमरे लगाए गए हैं.

इसे भी पढ़ें- न सीमेंट कमजोर था, न सरिया… फिर बरेली में कैसे गिरी पानी की टंकी? जानने के लिए पढ़ें जल निगम की रिपोर्ट

पुलिस ने मोबाइल कब्जे में लेकर शुरू की जांच

कैंट थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम हॉस्टल पहुंची थी. मोबाइल कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. हॉस्टल संचालिका ने मकान किराये पर लेकर कई वर्षों से इसे चलाने की बात सामने आई है. पुलिस अब मोबाइल में मौजूद रिकॉर्डिंग और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.