रविंद्र कुमार, रायबरेली. बछरावां थाना क्षेत्र के शेषपुर समोधा स्थित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय के छात्र बुधवार (9 सितंबर 2026) रात विद्यालय की अव्यवस्थाओं के विरोध में सड़क पर उतर आए. परिसर में पर्याप्त रोशनी नहीं होने से नाराज छात्रों ने रात के अंधेरे में सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया. छात्रों के प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया.
इसे भी पढ़ें- सीएम योगी का बड़ा ऐलान, आंगनबाड़ी के बच्चों को हर साल मिलेंगी दो यूनिफॉर्म
बिजली और प्रकाश व्यवस्था को लेकर नाराजगी
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि विद्यालय में लंबे समय से बिजली और प्रकाश व्यवस्था की समस्या बनी हुई है. रात में परिसर में अंधेरा रहने के कारण उन्हें परेशानी होती है. छात्रों का कहना है कि पढ़ाई के लिए पर्याप्त किताबें भी उपलब्ध नहीं हैं. इसके अलावा कई विषयों के शिक्षक नहीं होने से उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है. छात्रों ने विद्यालय में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की.
बाबू पर भी लगाए गंभीर आरोप
छात्रों ने विद्यालय के बाबू बृजेश प्रजापति पर भी गंभीर आरोप लगाए. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है. छात्रों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. उनका कहना था कि विद्यालय की समस्याओं के बारे में पहले भी जिम्मेदार अधिकारियों को जानकारी दी गई, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हुआ.
डीएम से मिलने की मांग पर अड़े छात्र
छात्र अपनी समस्याएं सीधे जिलाधिकारी के सामने रखना चाहते थे. उन्होंने डीएम से मुलाकात का समय मांगा और कहा कि समस्याओं पर गंभीरता से सुनवाई होने तक वे विरोध जारी रखेंगे. छात्रों की प्रमुख मांगों में पर्याप्त बिजली और रोशनी, पाठ्य-पुस्तकों की उपलब्धता, शिक्षकों की नियुक्ति और अन्य जरूरी सुविधाएं शामिल रहीं.
इसे भी पढ़ें- लखनऊ के गेस्ट हाउस में फंदे से लटकते मिले प्रेमी युगल, हत्या या आत्महत्या?
समाज कल्याण अधिकारी, एसडीएम और सीओ पहुंचे
सड़क जाम की सूचना पर बछरावां पुलिस के साथ भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा. बाद में समाज कल्याण अधिकारी, एसडीएम और सीओ ने भी छात्रों से बातचीत की. अधिकारियों ने छात्रों की शिकायतें सुनीं और विद्यालय की व्यवस्थाओं की जांच कराने तथा समस्याओं का नियमानुसार समाधान कराने का आश्वासन दिया. अधिकारियों ने छात्रों से सड़क खाली कर शांतिपूर्ण तरीके से शिकायत दर्ज कराने की अपील की. प्रशासन की ओर से बिजली, शिक्षकों, किताबों और अन्य व्यवस्थाओं की जांच कराने की बात कही गई है.



