वाराणसी. उत्तर प्रदेश में अब आंगनबाड़ी केंद्रों पर आने वाले बच्चों को भी यूनिफॉर्म मिलेगी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार (9 सितंबर 2026) को वाराणसी के रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में नौवें पोषण माह के शुभारंभ समारोह में इसका ऐलान किया. उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों को हर साल दो यूनिफॉर्म उपलब्ध कराई जाएंगी.
इसे भी पढ़ें- गोरखपुर गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में कैमरा! छात्राओं ने देखा रिकॉर्डिंग, वार्डन पर गंभीर आरोप
2017 से पहले व्यवस्था पर सीएम योगी का हमला
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था बेहद खराब थी. उनके मुताबिक, उस समय पोषाहार की सप्लाई एक शराब माफिया के माध्यम से होती थी और कई-कई महीने तक पोषाहार केंद्रों तक नहीं पहुंचता था. बच्चे घर से टाट लेकर आने को मजबूर थे. पेयजल, शौचालय और गर्म भोजन जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव था.
70 हजार से ज्यादा आंगनबाड़ी केंद्रों में बदलाव
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद आंगनबाड़ी केंद्रों की तस्वीर बदलने का काम शुरू हुआ. पिछले साढ़े नौ साल में 70 हजार से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों को नया स्वरूप दिया गया है. इसके साथ ही मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कराया जा रहा है.
35.46 लाख बच्चों को मिल रहा गर्म भोजन
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 35.46 लाख बच्चों को हॉट कुक्ड मील दिया जा रहा है. करीब 46 लाख बच्चों के वजन और स्टंटिंग की नियमित निगरानी की जा रही है. टेक होम राशन की व्यवस्था में पारदर्शिता के लिए अब तक 204 टीएचआर प्लांट स्थापित किए गए हैं. पोषाहार की गुणवत्ता और परिवहन की निगरानी के लिए जीपीएस ट्रैकिंग भी की जा रही है.
इसे भी पढ़ें- यूपी के 36 जिलों में आज बारिश का अलर्ट, 22 में तेज बरसात; 26 जिले बाढ़ की चपेट में
यूपी में 24 हजार आंगनबाड़ी केंद्र अपग्रेड होंगे
महिला एवं बाल विकास कल्याण मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा कि पोषण अभियान को सफल बनाने के लिए जनभागीदारी जरूरी है. केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि मजबूत भारत के लिए पोषित बचपन जरूरी है. उन्होंने बताया कि देशभर में दो लाख आंगनबाड़ी केंद्रों को सक्षम आंगनबाड़ी के रूप में अपग्रेड किया जा रहा है. उत्तर प्रदेश में 24 हजार केंद्रों को इसकी मंजूरी मिल चुकी है.



