अलीगढ़. उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में क्षत्रिय युवा करणी सेना के जिलाध्यक्ष सचिन राघव पर करीब 100 लोगों की भीड़ ने हमला कर दिया. घंटाघर के पास बुधवार (16 सितंबर 2026) शाम हुई घटना में आरोप है कि भीड़ ने उन्हें सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर थप्पड़, लात-घूंसों और बेल्ट से पीटा. इस दौरान सचिन हाथ जोड़कर माफी मांगते नजर आए. उन्हें बचाने पहुंचे उनके छोटे भाई सुंदर और दोस्त प्रहलाद के साथ भी मारपीट की गई.

इसे भी पढ़ें- यूपी में सपा का बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, 6 जिलों में नए जिलाध्यक्ष नियुक्त

चाट खाते समय पहुंची भीड़

घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र में घंटाघर के पास की है. बताया गया कि सचिन राघव अपने छोटे भाई और दोस्त के साथ चाट खा रहे थे. इसी दौरान बड़ी संख्या में युवक वहां पहुंच गए और तीनों को घेर लिया. भीड़ ने जय भीम के नारे लगाते हुए सचिन के साथ मारपीट शुरू कर दी.

अंबेडकर पार्क में ले जाकर लगवाए नारे

आरोप है कि हमलावर सचिन को खींचकर अंबेडकर पार्क के अंदर ले गए. यहां उनसे वाल्मीकि समाज और डॉ. भीमराव अंबेडकर के सम्मान में नारे लगवाए गए. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो हमलावर वहां से फरार हो गए. घायल सचिन को उपचार और मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया.

पंचायत में दिए भाषण के बाद बढ़ा विवाद

हमले की वजह मंगलवार को हुई सवर्ण समाज की पंचायत में सचिन के भाई सुंदर के भाषण को बताया जा रहा है. सुंदर ने अपने सामाजिक कार्यों का जिक्र करते हुए अलग-अलग सामाजिक भूमिकाओं पर टिप्पणी की थी. उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया था. इस टिप्पणी को लेकर वाल्मीकि समाज में नाराजगी की बात कही जा रही है.

इसे भी पढ़ें- यूपी के 35 जिलों में बारिश का अलर्ट, 22 सितंबर से मौसम शुष्क; अब कमजोर होगा मानसून

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

सीओ तृतीय सर्वम सिंह के मुताबिक, सचिन राघव की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर हमलावरों की पहचान कर रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. मामले में मारपीट के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है.