लखनऊ. उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने संगठन में बदलाव किया है. बुधवार (16 सितंबर 2026) को पार्टी ने छह जिलों में नए जिलाध्यक्षों के नाम घोषित किए. इनमें अयोध्या, बलिया, बांदा, पीलीभीत, गौतमबुद्ध नगर और उन्नाव शामिल हैं.
पार्टी की ओर से जारी सूची के मुताबिक, बलिया में सुनील कुमार मौर्य, अयोध्या में जय सिंह, बांदा में उमेश, पीलीभीत में धर्मेश गंगवार, गौतमबुद्ध नगर में इंद्रजीत भाटी उर्फ इंदर प्रधान और उन्नाव में जयचंद्र विमल को जिम्मेदारी दी गई है.
इसे भी पढ़ें- यूपी के 35 जिलों में बारिश का अलर्ट, 22 सितंबर से मौसम शुष्क; अब कमजोर होगा मानसून
छह जिलों में बदली संगठन की कमान
सपा की ओर से जारी नियुक्तियों का उद्देश्य स्थानीय संगठन को सक्रिय करना बताया गया है. नए जिलाध्यक्षों के सामने जिला स्तर पर पार्टी संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बनाने की जिम्मेदारी होगी. पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर दे रही है.
इंदर प्रधान को फिर मिली जिम्मेदारी
गौतमबुद्ध नगर में इंदर प्रधान को दोबारा जिलाध्यक्ष बनाया गया है. इससे पहले वह अगस्त 2021 में भी इस पद पर रह चुके हैं. स्थानीय राजनीति में सक्रिय इंदर प्रधान किसान मुद्दों से भी जुड़े रहे हैं.
पीलीभीत में धर्मेश गंगवार की वापसी
पीलीभीत में धर्मेश गंगवार को जिलाध्यक्ष बनाया गया है. वह पहले सपा से जुड़े रहे हैं और 2010 में जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीता था. बाद में वह भाजपा में गए, लेकिन फिर सपा में लौट आए. अब पार्टी ने उन्हें संगठन की जिम्मेदारी सौंपी है.
इसे भी पढ़ें- ‘बैंक की नीलामी में मिलेगा सस्ता सोना’, झांसे में आए चार लोग, 27 लाख लेकर दंपति फरार
हर जिले के लिए अलग मेनिफेस्टो की तैयारी
सपा ने जिलावार अलग मेनिफेस्टो तैयार करने की रणनीति भी बताई है. इसके तहत स्थानीय स्तर पर सड़क, पानी, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसे मुद्दों को शामिल करने की योजना है. पार्टी ने जिलाध्यक्षों से अपने क्षेत्रों की प्रमुख समस्याओं और बंद परियोजनाओं की जानकारी जुटाने को कहा है.



