अलीगढ़ के हरदुआगंज में बीमार बेटे को दवा दिलाने जा रहे दंपती को तीन बदमाशों ने नहर पटरी पर रोककर लूट लिया. बदमाश बाद में मोबाइल, बाइक की चाबी और 200 रुपये लौटाकर फरार हो गए.
अलीगढ़. हरदुआगंज क्षेत्र में शुक्रवार सुबह बीमार एक वर्षीय बेटे को दवा दिलाने जा रहे दंपती को तीन बदमाशों ने नहर पटरी पर रोककर लूट लिया. बदमाशों ने दंपती से मोबाइल, नकदी और जेवर लूटे, लेकिन बच्चे की बीमारी की बात सुनने के बाद 200 रुपये लौटाकर उसे दवा दिलाने के लिए कहा.
क्वार्सी क्षेत्र के देवसैनी निवासी गौरव शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे पत्नी वर्षा और एक वर्षीय बेटे अनमोल के साथ जलाली जा रहे थे. अनमोल कई दिनों से बुखार से पीड़ित था और जलाली में क्लीनिक चलाने वाले अपने साढ़ू से उसके लिए दवा लेनी थी.
बाइक रोककर की लूट
गौरव परिवार के साथ माछुआ नहर पुल से शेखा पुल की ओर नहर पटरी से गुजर रहे थे. मई के नगला के पास एक बाइक पर सवार तीन युवक उनके सामने से निकले, कुछ देर बाद वापस आए और पीछे से ओवरटेक कर दंपती की बाइक रुकवा ली.
बदमाशों ने गौरव के साथ मारपीट की और उनका मोबाइल फोन तथा बाइक की चाबी छीन ली. इसके बाद जेब में रखे चार हजार रुपये निकाल लिए.
वर्षा से बदमाशों ने कानों के सोने के बालियां-कुंडल, दोनों अंगूठियां और पैरों की चांदी की पाजेब भी उतरवा ली.
बच्चे की बीमारी का दिया हवाला
लूट के दौरान दंपती ने बदमाशों से काफी मिन्नतें कीं और अपने बीमार बेटे की हालत बताई. गौरव के मुताबिक, तीन बदमाशों में से एक ने अपने साथियों से दंपती को छोड़ने की बात कही, लेकिन बाकी दोनों इसके लिए तैयार नहीं हुए.
वारदात के बाद तीनों करीब 20 मीटर आगे बढ़े. इसके बाद उन्होंने अचानक बाइक रोक दी और पीछे लौटकर दंपती का मोबाइल और बाइक की चाबी सड़क पर फेंक दी.
200 रुपये लौटाकर हुए फरार
बदमाशों ने इसके बाद 200 रुपये का नोट भी दंपती की ओर फेंका और कहा कि बच्चे को दवा दिला लाना. इसके बाद तीनों माछुआ पुल की तरफ भाग गए.
घटना से डरे दंपती शेखा पुल तक पहुंचे और वहां से परिजनों को सूचना दी. इसके बाद पुलिस को भी वारदात की जानकारी दी गई.
सीसीटीवी से तलाश
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने नहर पटरी और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की. एसओजी और सर्विलांस टीम के साथ कई पुलिस टीमें संदिग्ध बाइक सवारों की पहचान में जुट गईं.
पुलिस ने दंपती से भी सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहे संदिग्धों की पहचान कराने का प्रयास किया. हालांकि, शुक्रवार शाम तक पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी थी.
अधिकारियों ने दिए निर्देश
एसएसपी नीरज जादौन और एसपी देहात मनीष कुमार मिश्र ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित दंपती से घटना की पूरी जानकारी ली. अधिकारियों ने क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, एसओजी और सर्विलांस टीम को बदमाशों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए.
एसएचओ जोगेंद्र सिंह ने बताया कि गौरव की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है.



