अलीगढ़ नगर निगम ने 'वाइब्रेंट अलीगढ़' अभियान के अंतर्गत शहर के विकास के लिए 105 करोड़ रुपये की दो महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की योजना पेश की है। जीटी रोड स्थित होटल फार्च्यून पार्क में आयोजित कार्यक्रम में 60 करोड़ के मल्टी स्पोर्ट्स स्टेडियम और 45 करोड़ के एडुटेनमेंट हब का खाका साझा किया गया।
अलीगढ़। शहर को आधुनिक और सुव्यवस्थित रूप देने के उद्देश्य से नगर निगम ने ‘वाइब्रेंट अलीगढ़’ पहल के तहत एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है। जीटी रोड स्थित होटल फार्च्यून पार्क में ‘समन्वय, सहयोग एवं संवाद’ विषय पर आयोजित बैठक में शहर के विभिन्न प्रबुद्ध वर्गों और जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था। इस कार्यक्रम में नगर निगम प्रशासन ने कुल 105 करोड़ रुपये की लागत वाली दो बड़ी ढांचागत परियोजनाओं की घोषणा की।
60 करोड़ से बनेगा आउटडोर स्टेडियम
बरौला बाईपास रोड स्थित फिरदौस नगर में लगभग 4.1 हेक्टेयर जमीन पर 60 करोड़ रुपये की लागत से मल्टी-स्पोर्ट आउटडोर स्टेडियम व कन्वेंशन सेंटर स्थापित किया जाएगा। इस परिसर में 400 मीटर का डबल लेन एथलेटिक्स ट्रैक, अंतरराष्ट्रीय स्तर का आउटडोर स्टेडियम, आधुनिक दर्शक दीर्घा, बहुउद्देश्यीय हॉल और वीआईपी लाउंज का निर्माण प्रस्तावित है। इसके साथ ही खिलाड़ियों के लिए विश्राम कक्ष, प्रशासनिक कार्यालय, कैफेटेरिया और व्यावसायिक दुकानें भी विकसित की जाएंगी, जिससे नगर निगम को स्थायी राजस्व प्राप्त होगा।
क्वारसी में बनेगा एडुटेनमेंट हब
दूसरी प्रमुख परियोजना क्वारसी क्षेत्र में 45 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से तैयार की जाएगी। ‘अलीगढ़ इंटीग्रेटेड एडुटेनमेंट, इनोवेशन एंड अर्बन Green हब’ नाम से प्रस्तावित यह प्रोजेक्ट करीब 3.7 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला होगा। यह मिश्रित उपयोग वाला परिसर शिक्षा, मनोरंजन, नवाचार और पर्यावरण का संयुक्त केंद्र बनेगा। इस केंद्र में एक समय में 5,000 से अधिक लोगों के एकत्र होने की क्षमता होगी।
जनभागीदारी और नागरिक सुझाव
समारोह की शुरुआत ‘वाइब्रेंट अलीगढ़’ पर केंद्रित एक लघु फिल्म से हुई, जिसके बाद नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने विकास का खाका प्रस्तुत किया। बैठक में मौजूद व्यापारियों और नागरिकों ने अलीगढ़ को ‘जीरो वेस्ट सिटी’ बनाने, सिंगल यूज प्लास्टिक पर पाबंदी लगाने, चरणबद्ध ढंग से अतिक्रमण हटाने और बाजारों में पार्किंग व्यवस्था सुधारने के सुझाव दिए। उद्योगपतियों ने सीएसआर फंड के माध्यम से पार्कों के सुंदरीकरण और पौधारोपण में सहयोग का आश्वासन दिया।
मेयर प्रशांत सिंघल ने कहा कि नगर निगम जनभागीदारी के आधार पर ही विकास की प्राथमिकताओं को अंतिम रूप देगा। नगर आयुक्त ने आश्वस्त किया कि प्राप्त सुझावों का अध्ययन कर उन्हें आगामी कार्ययोजनाओं में शामिल किया जाएगा। इस अवसर पर आरएसएस के विभाग प्रचारक गोविंद, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, पार्षद और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


