संजय वाणी, आलीराजपुर। मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में आलीराजपुर जिले की जोबट विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक सेना महेश पटेल ने किसानों के ज्वंलत मुद्दों को लेकर प्रदेश सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने सदन में किसानों की बदहाली, डीएपी-यूरिया खाद की किल्लत, कालाबाजारी और गेहूं उपार्जन में हुई गड़बड़ियों का मुद्दा उठाते हुए सरकार की नीतियों पर गंभीर सवाल खड़े किए। विधायक ने साफ शब्दों में कहा कि किसान आज खाद, बीज, बिजली और अपनी उपज के सही दाम के लिए सड़कों पर संघर्ष कर रहा है जबकि सरकार केवल विकास के खोखले दावे करने में मस्त है।

ये भी पढ़ें: एमपी विधानसभा में अनुपूरक बजट पेश: 1 घंटे होगी चर्चा, पानी को लेकर सर्वदलीय बैठक बुलाएगी सरकार

उपार्जन घोटालों की SIT जांच और कर्ज माफी की मांग

विधायक सेना महेश पटेल ने सदन के पटल पर गेहूं और अन्य फसलों की उपार्जन प्रक्रिया में हुई धांधलियों और घोटालों की निष्पक्ष विशेष जांच दल से जांच कराने की मांग की।

वहीं अलीराजपुर सहित प्रदेश के कम वर्षा वाले जिलों का तत्काल प्रशासनिक सर्वे कराकर उन्हें आधिकारिक रूप से ‘सूखाग्रस्त’ घोषित किया जाए। इसके अलावा प्रभावित किसानों को फसल क्षति मुआवजा देने, उनके कृषि ऋण की वसूली पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने और ब्याज माफ करने की मांग रखी।

ये भी पढ़ें: वायरल ऑडियो से मचा हड़कंप: SDM ने पटवारी को किया सस्पेंड, मंत्रियों पर की थी टिप्पणी

‘घोषणाओं से नहीं, ठोस कार्रवाई से सुधरेंगे हालात’

जोबट विधायक ने कहा कि क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का भारी अभाव है और बिजली संकट के कारण किसान फसलों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। ऊपर से खाद की कालाबाजारी ने किसानों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अन्नदाता की समस्याओं का समाधान महज कागजी घोषणाओं से नहीं होगा, बल्कि इसके लिए धरातल पर ठोस और कड़े कदम उठाने होंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m