संजय वाणी, आलीराजपुर। मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले की जोबट थाना पुलिस ने देर रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘ड्राय स्टेट’ गुजरात भेजे जाने वाले अवैध शराब के एक बहुत बड़े नेटवर्क को ध्वस्त किया है। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर देहदला चौराहे पर घेराबंदी कर एक टीसीएल एक्सप्रेस वाहन को रोका, जिसके भीतर से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक जब्त शराब और वाहन की कुल कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।

ये भी पढ़ें: आधी रात एक ही गाड़ी में सवार होकर रिंगोल गांव पहुंचे जिले के सभी बड़े अफसर… जानिए क्या था पूरा मामला?

ड्राय स्टेट गुजरात थी डिलीवरी

सूत्रों के अनुसार गुजरात में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के कारण मध्य प्रदेश के सीमावर्ती जिलों से शराब तस्करी के प्रयास लगातार किए जाते हैं। पुलिस की इस प्रारंभिक जांच में भी यह साफ हो गया है कि आलीराजपुर के रास्ते इस खेप को सीधे गुजरात के शहरों में खपाने के लिए भेजा जा रहा था। तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए मालवाहक ‘एक्सप्रेस वाहन’ का सहारा लिया था।

आधी रात को दबोची गाड़ी

जोबट पुलिस को देर रात पुख्ता सूचना मिली थी कि एक बड़े वाहन में अवैध शराब लोड होकर जोबट के रास्ते गुजरात बॉर्डर की तरफ बढ़ने वाली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने देहदला चौराहे पर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया।

जैसे ही संदिग्ध टीसीएल एक्सप्रेस वाहन वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। वाहन का पिछला हिस्सा खोलते ही पुलिस अधिकारी भी दंग रह गए, क्योंकि वह ऊपर तक अवैध शराब की पेटियों से खचाखच भरा हुआ था।

करोड़ों की कीमत, गिनती और जांच जारी

जोबट थाना पुलिस द्वारा मौके पर ही वाहन को कब्जे में लेकर शराब की पेटियों की गिनती और उनकी ब्रांडिंग की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शराब की सही मात्रा और उसकी वास्तविक बाजार कीमत का आधिकारिक खुलासा पूरी काउंटिंग और कानूनी कागजी कार्रवाई समाप्त होने के बाद ही किया जाएगा लेकिन पहली नजर में यह मामला करोड़ों रुपये की तस्करी से जुड़ा है।

ये भी पढ़ें: कुएं में 3 युवकों की मौत का मामलाः रेस्क्यू के बाद रहस्य और गहराया, वैज्ञानिकों के दावे पर ग्रामीणों ने लगा दी बकरी के जान की बाजी, गैस डिटेक्टर ने बताया ‘मीथेन’

तस्करी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही पुलिस

‘ड्राय स्टेट’ एंगल सामने आने के बाद पुलिस अब इस पूरे रैकेट की जड़ों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। यह भारी-भरकम शराब की खेप मध्य प्रदेश में किस डिपो या अवैध ठिकाने से लोड की गई थी? गुजरात के किस जिले या शहर में और किस बड़े तस्कर को यह माल डिलीवर किया जाना था? इस अंतरराज्यीय शराब तस्करी नेटवर्क के पीछे मुख्य सिंडिकेट और सफेदपोश चेहरे कौन हैं? पुलिस इन सभी एंगल से जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m