अजय सैनी, भिवानी । अखिल भारतीय मानवाधिकार संगठन (एबीएचआरओ) द्वारा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित विशेष कार्यक्रम में राजस्थान की दो प्रतिष्ठित महिला प्रतिभाओं को “नारी शक्ति अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया। राजसमंद जिले की सैशन एवं डिस्ट्रिक्ट जज अल्का शर्मा तथा राजस्थान की उपमुख्यमंत्री की ओएसडी (आरएएस) सपना मौर्य को उनके उत्कृष्ट कार्य एवं समाज में योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।
यह सम्मान उन दोनों को पहले भिवानी में आयोजित मुख्य समारोह में अपरिहार्य कारणों से उपस्थित न हो पाने के कारण, विशेष रूप से जयपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दिया गया।


हर महिला को मिले उसका अधिकार और सम्मान
कार्यक्रम में एबीएचआरओ के राष्ट्रीय महासचिव एचएस तंवर, राष्ट्रीय सलाहकार एवं सेवानिवृत्त जज नवल किशोर शर्मा, तथा संगठन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि महिला सशक्तिकरण ही समाज की प्रगति का आधार है और हर महिला को उसके अधिकार और सम्मान मिलना चाहिए।


ऐसे सम्मान से बढ़ जाता है दायित्व
सम्मान ग्रहण करते हुए सैशन एवं डिस्ट्रिक्ट जज अल्का शर्मा ने इसे अपने लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि यह पुरस्कार उनके दायित्व को और अधिक बढ़ाता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे न्यायपालिका और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करती रहेंगी। वहीं, सपना मौर्य ने भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सम्मान कार्यरत महिलाओं को बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।


इस अवसर पर एचएस तंवर ने कहा कि एबीएचआरओ केवल सम्मान प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि संगठन महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ नशा मुक्ति जागरूकता अभियान भी चला रहा है।
कार्यक्रम में कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे और गायक कुमार अनव शर्मा की देशभक्ति प्रस्तुतियों ने माहौल को ऊर्जावान बना दिया।