रायपुर. रायपुर के राजकुमार कॉलेज (RKC) में शुक्रवार को ऑल इंडिया आईपीएससी म्यूजिक फेस्ट और तीरंदाजी-शूटिंग चैंपियनशिप 2026 का आगाज हुआ. उद्घाटन समारोह दोपहर 12 बजे कॉलेज के जशपुर हॉल में आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन राजकुमार कॉलेज सोसायटी की जनरल काउंसिल के अध्यक्ष और मुख्य अतिथि राजा त्रिबिक्रमचंद्र देब बरम्बा ने किया.

समारोह में खिलाड़ियों और प्रतिभागियों को शपथ दिलाई गई. कॉलेज के प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल अविनाश सिंह ने स्वागत भाषण देते हुए आयोजन की शुरुआत की, जबकि मुख्य अतिथि ने प्रतियोगिताओं के शुभारंभ की औपचारिक घोषणा की. इस दौरान आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और प्रतिभागियों का मन मोह लिया.

‘नाद संगम’ में शास्त्रीय संगीत और लोकगीतों की प्रस्तुतियां

IPSC म्यूजिक फेस्ट ‘नाद संगम’ 2026 के तहत संगीत की विभिन्न विधाओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. इसमें भारतीय शास्त्रीय वाद्ययंत्रों और तालवाद्यों की एकल प्रस्तुतियां, समूह लोकगीत, भारतीय वाद्ययंत्रों की अर्ध-शास्त्रीय जुगलबंदी, भारतीय शास्त्रीय गायन की एकल प्रस्तुतियां और भारतीय शास्त्रीय ऑर्केस्ट्रा शामिल हैं. इन प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रतिभागियों को अपनी संगीत प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला.

तीरंदाजी और शूटिंग में खिलाड़ियों ने दिखाया कौशल

संगीत समारोह के साथ ही ऑल इंडिया IPSC तीरंदाजी-शूटिंग चैंपियनशिप 2026 की प्रतियोगिताएं भी शुरू हुईं. विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे खिलाड़ियों ने तीरंदाजी में निशाना साधने की दक्षता और शूटिंग में अपनी निशानेबाजी का प्रदर्शन किया. इन प्रतियोगिताओं में बालक और बालिका वर्ग के प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं.

29 प्रतिष्ठित विद्यालयों की टीमें ले रही हैं हिस्सा

उल्लेखनीय है कि राजकुमार कॉलेज, रायपुर में 28 अक्टूबर 2026 तक इंडियन पब्लिक स्कूल्स कॉन्फ्रेंस (IPSC) के अंतर्गत म्यूजिक फेस्ट 2026, बालक-बालिका तीरंदाजी चैंपियनशिप और बालक-बालिका शूटिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है. राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से IPSC से संबद्ध 29 प्रतिष्ठित विद्यालयों की टीमें भाग लेने के लिए रायपुर पहुंच चुकी हैं. 

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H