रायपुर। अखिल भारतीय विद्युत मंडलीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया। 6 से 8 सितंबर तक आयोजित इस अखिल भारतीय प्रतियोगिता में एकल का खिताब कोलकाता इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड के गौतम सिन्हा ने जीता, जबकि युगल वर्ग में छत्तीसगढ़ के रजनीश ओबेरॉय और अनुराग शर्मा की जोड़ी विजेता रही।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर पावर कंपनी मुख्यालय स्थित क्रीड़ा परिसर में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। पावर कंपनी के तीनों प्रबंध निदेशकों ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी के वरिष्ठ टेबल टेनिस खिलाड़ी प्रशांत बापट को खेल के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया।

पुरस्कार वितरण समारोह में पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध निदेशक ने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल से मिलने वाली सीख को खिलाड़ियों को अपने पेशेवर और व्यक्तिगत जीवन में भी अपनाना चाहिए।

जनरेशन कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं केंद्रीय क्रीड़ा कला परिषद के अध्यक्ष संजीव कटियार ने कहा कि तीन दिनों तक चली इस प्रतियोगिता की सफलता केवल मुकाबलों और परिणामों तक सीमित नहीं है। ऊर्जा क्षेत्र में काम कर रहे कर्मचारियों के बीच बेहतर तालमेल और आपसी समन्वय विकसित होना भी इस आयोजन की बड़ी उपलब्धि है।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर ने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र में काम के दबाव के बीच खेल के लिए समय निकालना किसी चुनौती से कम नहीं है। इसके बावजूद खिलाड़ी मैदान पर उतरकर बेहतर प्रदर्शन करते हैं। उन्होंने कहा कि समर्पण और अनुशासन के बिना इस तरह की प्रतियोगिता में सफलता हासिल करना संभव नहीं है।

एआईईएससीबी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कार्यपालक निदेशक के. एस. मनोठिया ने इलेक्ट्रिसिटी स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड की ओर से आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं की जानकारी दी। वहीं केंद्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के महासचिव एम. एस. चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता में देश की नौ टीमों ने हिस्सा लिया। तीन दिनों के दौरान सिंगल्स के 45, डबल्स के 34 और टीम इवेंट के 20 मुकाबले खेले गए। इस तरह प्रतियोगिता में कुल 99 मुकाबले हुए।

ये रहे प्रतियोगिता के विजेता

युगल वर्ग:
युगल वर्ग का खिताब छत्तीसगढ़ के रजनीश ओबेरॉय और अनुराग शर्मा ने जीता। आंध्र प्रदेश ट्रांसमिशन कंपनी के एन. आदिनारायण एवं एम. वी. वी. रामकृष्ण उपविजेता रहे। असम पावर कंपनी के अनुपम तमोली और अनिमेष साइकाई ने तीसरा स्थान हासिल किया।

एकल वर्ग:
टेबल टेनिस एकल का खिताब कोलकाता इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड के गौतम सिन्हा ने अपने नाम किया। असम के अनुपम तामुली उपविजेता रहे, जबकि छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी के रजनीश ओबेरॉय तीसरे स्थान पर रहे।

टीम चैंपियनशिप:
टीम चैंपियनशिप का खिताब छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी ने जीता। असम पावर कंपनी की टीम उपविजेता रही, जबकि तमिलनाडु इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड, तमिलनाडु ने तीसरा स्थान हासिल किया।

समारोह के दौरान छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी के वरिष्ठ टेबल टेनिस खिलाड़ी प्रशांत बापट को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न टीमों के वरिष्ठ खिलाड़ियों के साथ प्रतियोगिता के सफल संचालन में योगदान देने वाले अंपायर और रेफरियों को भी सम्मानित किया गया।

पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अभियंता मानव संसाधन रश्मि वर्मा, उप महाप्रबंधक पंकज सिंह परमार, पंकज चौधरी, केंद्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के कार्यालय सचिव राजेश सिंह, क्रीड़ा सचिव विनय चंद्राकर, सचिव कला चांदनी दुबे तथा क्रीड़ा सदस्य रजनीश चौबे एवं जितेंद्र चौधरी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि ऑल इंडिया इलेक्ट्रिसिटी स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के समन्वय से छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज द्वारा इस वर्ष अखिल भारतीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त इस वर्ष क्रिकेट की अखिल भारतीय प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें