मथुरा. श्रीराम मंदिर में चंदा चोरी का मामला अभी पूरी तरह शांत भी नहीं हुआ, इससे पहले वृंदावन के श्री बांके बिहारी मंदिर से 360 किलो वजनी चांदी के रथ समेत कई बहुमूल्य वस्तु गायब होने की बातें सामने आ रही है. कुछ दिनों से मीडिया में ये बातें सामने आ रही हैं. हालांकि इस मामले की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है. मंदिर के सेवायत ने ये आरोप लगाया है.
दरअसल, संत फलाहारी महाराज और मंदिर के सेवायत दिनेश गोस्वामी ने आरोप लगाया है कि पिछले 20 वर्षों से रथ यात्रा में इस्तेमाल होने वाला चांदी का रथ, चांदी का सिंहासन, चार चांदी के पलंग और अन्य बहुमूल्य सामान मंदिर से गायब हैं. इस विषय को लेकर संतों में भारी आक्रोश है. संत समाज ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर इस मामले की CBI या SIT जांच कराने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें : ‘क्या आप सच में यदुवंशी हैं?’… ‘भगवान श्रीकृष्ण पर टिप्पणी करने वालों पर क्यों खामोश हैं?’- राजभर
इस मामले में मंदिर प्रबंधन का कहना है कि कुछ महीने पहले चांदी गायब होने की उड़ी अफवाहों पर मंदिर की हाई पावर कमेटी ने स्पष्ट किया था कि यह चोरी का मामला नहीं है. उनके अनुसार, केमिकल युक्त इत्र और पूजा की सामग्री के लगातार इस्तेमाल से चांदी को नुकसान पहुंचा है.
फलाहारी महाराज ने कहा है कि अगर पिछले कई वर्षों के सीसीटीवी फुटेज की निष्पक्ष तरीके से जांच कराई जाए तो पूरे मामले का सच सामने आ सकता है. उनका मानना है कि जांच के जरिए यह पता लगाया जा सकता है कि मंदिर का सामान कब और कैसे गायब हुआ तथा इसके लिए जिम्मेदार कौन लोग हैं.


