हेमंत शर्मा, इंदौर। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत किए गए कामों पर अब भाजपा के ही पार्षद ने बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। वार्ड-32 के भाजपा पार्षद राजेंद्र राठौर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री मोहन यादव, केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री और प्रदेश के नगरीय विकास मंत्री को पत्र भेजकर नेहरू पार्क और सड़क निर्माण में कथित भ्रष्टाचार व घटिया निर्माण की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
राठौर ने आरोप लगाया है कि स्मार्ट सिटी के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए, लेकिन धरातल पर विकास नहीं, बल्कि अव्यवस्था और बदहाली दिखाई दे रही है। पत्र में कहा गया है कि नेहरू पार्क की हरियाली लगभग खत्म हो चुकी है, फाउंटेन शुरू होने से पहले ही खराब हो गए, पाइपलाइन जाम है और कई निर्माण कार्य उपयोग से पहले ही जर्जर हो चुके हैं।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि पार्क के प्राकृतिक स्वरूप को बचाने के बजाय बड़े पैमाने पर सीमेंट-कंक्रीट का इस्तेमाल कर उसे नुकसान पहुंचाया गया। बच्चों के मनोरंजन के लिए बनाई गई व्यवस्थाएं भी अधूरी और असुरक्षित हैं। बच्चों की ट्रेन के ट्रैक पर सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से हादसे की आशंका भी जताई गई है।
भाजपा पार्षद ने आरोप लगाया कि बिजली व्यवस्था पर करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए गए, लेकिन उसकी हालत भी खराब है। पार्क में बनाए गए दो शौचालय भी पानी की व्यवस्था नहीं होने के कारण उपयोग में नहीं आ रहे हैं।
पत्र में दावा किया गया है कि स्मार्ट सिटी के अधिकारियों ने जनता के करोड़ों रुपये खर्च कर केवल कागजी विकास दिखाया, जबकि जमीनी हकीकत पूरी तरह अलग है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।फिलहाल ये आरोप शिकायत पत्र में लगाए गए हैं। इन आरोपों पर संबंधित विभाग या अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

