नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने हरियाणा कैडर के 1993 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आलोक मित्तल को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (ACC) ने उनकी ब्यूरो ऑफ पुलिस रिसर्च एंड डेवलपमेंट (BPR&D) के महानिदेशक (DG) पद पर नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। गृह मंत्रालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार आलोक मित्तल पदभार ग्रहण करने की तिथि से लेकर 30 जून 2029 अथवा अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, इस पद पर कार्य करेंगे।
BPR&D भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अधीन कार्य करने वाली देश की शीर्ष पुलिस अनुसंधान एवं विकास संस्था है। यह संगठन देशभर की पुलिस व्यवस्था के आधुनिकीकरण, अनुसंधान, प्रशिक्षण, फोरेंसिक तकनीकों के विकास, पुलिस सुधार और क्षमता निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों का संचालन करता है। पुलिसिंग के क्षेत्र में नई तकनीकों को अपनाने और केंद्र व राज्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में भी BPR&D की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। ऐसे में इसके महानिदेशक का पद देश की पुलिस व्यवस्था के सबसे अहम पदों में गिना जाता है।
आलोक मित्तल का पुलिस सेवा में तीन दशक से अधिक का लंबा और विविध अनुभव रहा है। हरियाणा में उन्होंने डीजी जेल, डीजी एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB), एडीजीपी सीआईडी, एडीजीपी लॉ एंड ऑर्डर सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं। इसके अलावा वे हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक तथा हरियाणा भवन, नई दिल्ली में अतिरिक्त रेजिडेंट कमिश्नर भी रह चुके हैं।

केंद्रीय एजेंसियों में भी उनका अनुभव उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने सीबीआई में आर्थिक अपराध और साइबर क्राइम से जुड़े मामलों की जांच की जिम्मेदारी संभाली, जबकि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में इंस्पेक्टर जनरल के रूप में कई संवेदनशील मामलों का नेतृत्व किया। पुलिस सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें वर्ष 2009 में पुलिस पदक तथा 2016 में राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जा चुका है।केंद्र सरकार के इस फैसले को पुलिस अनुसंधान, तकनीकी नवाचार और पुलिस आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अनुभवी अधिकारी के रूप में आलोक मित्तल के नेतृत्व में BPR&D से पुलिस सुधार, साइबर अपराध नियंत्रण, आधुनिक प्रशिक्षण प्रणाली और नई तकनीकों के प्रभावी उपयोग को और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
- गंगा-सरयू ने बढ़ाई बलिया की चिंता, शहर के निचले इलाकों में भरा बाढ़ का पानी, खतरे के निशान से ऊपर हुआ जलस्तर
- UCC के विरोध में जमीयत उलेमा संगठन, राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
- बैठक के बाद दफ्तर के बाहर भिड़े नगर निगम के अफसर! AHO ने HO को दी खुलेआम धमकी; बोले- मैं मंत्री…
- कानपुर में Gen-Alpha का ‘मास्टरस्ट्रोक’: छोटी उम्र, बड़ा इरादा… जब बच्चों ने खुद मांगी अपने लिए स्कूल के पक्के कमरे
- दिव्यांगों के लिए 31 अगस्त को लगेगा रोजगार मेला, 30 पदों पर होगी भर्ती, जानिए पूरी डिटेल…

