Alwar Murder: बड़ौदामेव में थाने के सामने बाइक सवार सकून (40) पुत्र नसरू की पत्थर मारकर हत्या के मामले में पुलिस पूछताछ के दौरान वारदात की वजह सामने आई है। पुलिस के अनुसार आरोपी हर्ष (21) ने बताया कि बाइक सवार के हॉर्न बजाने पर उसे गुस्सा आ गया था। इसी दौरान उसने सड़क पर पड़े पत्थर से सकून पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद सकून सड़क पर गिर गया। आरोपी ने उसके सिर पर 4-5 बार पत्थर से वार किए।

पुलिस ने आरोपी हर्ष को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया। साथ ही आरोपी की मानसिक स्थिति की जांच कराने के लिए जेल अधीक्षक को निर्देश दिए हैं। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

थाने के सामने हुआ था हमला

सकून बड़ौदामेव के बड़ा बास गांव का रहने वाला था। वह किसी काम से बाजार आया था और बाइक से जा रहा था। इसी दौरान बड़ौदामेव थाने के सामने हर्ष ने उस पर हमला कर दिया। सड़क पर पड़े पत्थर से सिर पर वार होने के बाद सकून गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे अलवर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की थी। अब पूछताछ में आरोपी ने हॉर्न बजाने पर गुस्सा आने की बात बताई है।

हत्या के बाद सड़क पर उतरे थे लोग

सकून की मौत के बाद परिजन और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया था। बड़ी संख्या में लोग बड़ौदामेव थाने और अलवर जिला अस्पताल के बाहर जमा हुए थे। लोगों ने अलवर-भरतपुर मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपए मुआवजा देने, परिवार के एक सदस्य को संविदा पर सरकारी नौकरी देने, थाने के स्टाफ को निलंबित करने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। स्थिति को संभालने के लिए आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस जाब्ता और क्यूआरटी बुलानी पड़ी थी। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से समझाइश कर स्थिति को संभाला।

घटना से पहले आरोपी को थाने लाने की बात भी सामने आई थी

मामले में यह बात भी सामने आई थी कि घटना से पहले हर्ष को पुलिस थाने लेकर आई थी। उसके पिता से विवाद और मारपीट की बात भी सामने आई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से यह दावा भी किया गया था कि थाने से निकलते समय हर्ष ने पुलिसकर्मियों से कहा था कि उसे क्यों छोड़ा जा रहा है और वह बाहर जाकर हत्या करेगा। हालांकि, इस दावे की पुलिस की ओर से स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। अब पुलिस पूछताछ में आरोपी की ओर से हॉर्न बजाने पर गुस्सा आने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच जारी रखे हुए है।

पढ़ें ये खबरें