Alwar Central Jail News: राजस्थान के अलवर केंद्रीय कारागृह में 29 अक्टूबर की शाम जेल की मुख्य दीवार के पास फेंके गए दो मोजों से प्रतिबंधित सामग्री बरामद हुई। तलाशी के दौरान इनमें कुबेर तंबाकू के 32 पाउच, 502 पताका बीड़ी के 25 बंडल, एक एंड्रॉयड और दो कीपैड मोबाइल फोन के साथ दो डाटा केबल मिलीं।

जेल प्रशासन ने सामग्री जब्त कर कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया है। अब पुलिस जांच कर रही है कि यह सामान जेल तक कैसे पहुंचा और इसके पीछे कौन लोग थे।
जेल की दीवार के पास संदिग्ध सामान फेंकने की सूचना
कोतवाली थाना प्रभारी दिनेश मीणा के अनुसार, 29 अक्टूबर को शाम करीब 7:30 बजे जेल की काठ की गुमटी पर तैनात कांस्टेबल हंसराज ने वॉकी-टॉकी के जरिए अधिकारियों को सूचना दी थी। उन्होंने बताया कि जेल की मुख्य दीवार के पास दो अज्ञात व्यक्ति संदिग्ध वस्तु फेंककर गए हैं।
सूचना मिलने पर जेल प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और तलाशी करवाई। इस दौरान वार्ड नंबर 8 और 9 के पास मुख्य दीवार की दक्षिण दिशा में काले रंग की दो जुराबें मिलीं। उनकी जांच की गई तो अंदर प्रतिबंधित सामग्री रखी हुई थी।
जुराबों में मिले तीन मोबाइल, तंबाकू और बीड़ी
जेल प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में मोजों को खोलकर देखा गया। इनमें कुबेर तंबाकू के 32 पाउच, 502 पताका बीड़ी के 25 बंडल, एक एंड्रॉयड मोबाइल, दो कीपैड मोबाइल और दो सफेद डाटा केबल बरामद हुईं। कार्रवाई के दौरान पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करवाई गई। बरामद सामग्री को दो अलग-अलग पैकेटों में सील करने के बाद जेल प्रशासन ने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, एएसआई को सौंपी जांच
थाना प्रभारी दिनेश मीणा ने बताया कि जेल प्रशासन की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच एएसआई रघुवीर सिंह यादव को सौंपी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित सामग्री किसने फेंकी और उसे जेल के भीतर पहुंचाने की कोशिश के पीछे कौन था।
पढ़ें ये खबरें
- करवा चौथ को ‘खसम पूजन दिवस’ बताने पर पंडित धीरेंद्र शास्त्री की सफाई, महिलाओं से कहा- 1 दिन व्रत रखती हैं, बाकी 364 दिन पतियों को ताने नहीं मारने चाहिए
- UP Election 2027: यूपी फतह के लिए भाजपा का ‘मिशन बूथ’ तैयार! PDA के लिए बना यह सीक्रेट माइक्रो-प्लान
- आलेख: गौरवशाली अतीत, विकासशील वर्तमान और समृद्ध भविष्य की ओर बढ़ता मध्यप्रदेश – डॉ. मोहन यादव
- Haryana Top News : रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल, 259 बसों का संचालन बंद, SIR की समयसीमा फिर बढ़ी, दिल्ली की रैली में हरियाणा से पहुंचेंगे एक लाख लोग, अमित शाह के दौरे को लेकर ट्रैफिक डायवर्जन समेत पढ़े दिनभर की बड़ी खबरें
- छत्तीसगढ़ हॉकी लीग : फाइनल में पहुंची संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, सेमीफाइनल में न्यायधानी नाइट्स को 6-3 से हराया

