Alwar Crime News: राजस्थान के अलवर जिले से रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है। रैणी थाना इलाके में गुरुवार सुबह स्कूल जा रही 11वीं की एक छात्रा का सरेराह अपहरण कर लिया गया। तीन दरिंदों ने मासूम के हाथ-पैर बांधकर उसके साथ गैंगरेप किया और विरोध करने पर भाई को जान से मारने की धमकी दी। जैसे ही यह खबर गांव में फैली, लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उन्होंने मौके पर मिली आरोपियों की बोलेरो को आग के हवाले कर दिया।

रास्ते से उठाया, आंखों पर बांधी पट्टी
पीड़िता के भाई ने पुलिस को बताया कि उसकी 15 साल की बहन सुबह पैदल स्कूल जा रही थी। तभी रास्ते में एक सफेद रंग की बोलेरो आकर रुकी। गाड़ी में सवार दो बदमाशों ने उसे जबरन अंदर खींच लिया। बदमाशों ने दरिंदगी की पूरी प्लानिंग कर रखी थी, उन्होंने तुरंत छात्रा की आंखों पर पट्टी बांधी और हाथ बांध दिए। रास्ते में उन्होंने अपने एक और साथी को उठाया और सुनसान इलाके में बने एक कमरे में ले जाकर इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।
गंदे वीडियो बनाकर दी जान से मारने की धमकी
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, तीनों आरोपियों ने नाबालिग के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। हैवानियत यहीं नहीं रुकी, आरोपियों ने छात्रा के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बना लिए। दरिंदों ने मासूम को धमकाया कि अगर जुबान खोली तो उसके भाई को खत्म कर देंगे। दोपहर करीब 1 बजे जब आरोपी उसे वापस छोड़ने आए, तो वहां ग्रामीणों की भारी भीड़ देखकर गाड़ी छोड़कर भाग निकले। ग्रामीणों ने गुस्से में बोलेरो फूंक दी।
पुलिस की रेड और राहुल सैनी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए राजगढ़ डीएसपी मनीषा मीना खुद ग्राउंड पर उतरीं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी राहुल सैनी को दबोच लिया है। पकड़े गए आरोपी के मोबाइल से कई आपत्तिजनक चीजें मिली हैं, जो पुलिस के लिए सबसे बड़ा सबूत हैं। बाकी दो आरोपी दौसा के बसवा इलाके के बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें जगह-जगह दबिश दे रही हैं।
इलाके में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात
घटना के बाद से रैणी इलाके में भारी आक्रोश है। जली हुई बोलेरो को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और पीड़िता का मेडिकल मुआयना कराकर कोर्ट में बयान दर्ज कराए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही फरार आरोपियों को भी सलाखों के पीछे डाल दिया जाएगा।
पढ़ें ये खबरें
- हवस, हैवानियत और हवालातः 11 साल की किशोरी के साथ रेप, दिल दहला देगी दरिंदगी की वारदात
- कचरे के नाम पर ‘कमाई का खेल’! पंचायतों में 2,000 की डस्टबिन 30,000 और 1.5 लाख का ई-रिक्शा 4.5 लाख में खरीदा; कचरा गाड़ी के नाम पर मिली पंचर साइकिल
- अग्निवीरों को दो साल की अतिरिक्त सेवा का अवसर देने के फैसले का CM साय ने किया स्वागत, बोले- युवाओं को सैन्य क्षेत्र में आगे बढ़ने के मिलेंगे नए अवसर
- स्वामित्व योजना में प्रदेश में 15 लाख 98 हजार से अधिक रजिस्ट्रियां पूरी, ग्रामीणों को मिल रहा संपत्ति का वैधानिक अधिकार
- खुद्दार अधिकारी मजबूरी में पलायन कर जाते हैं जब… IPS अनुराग सुजानिया के इस्तीफे पर चढ़ा सियासी पारा, जानें क्या बोली BJP
