Odisha Desk, भुवनेश्वर: राजस्व संबंधी विवादों और सरकारी सेवाओं के लिए अब आम जनता को बार-बार दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। ओडिशा सरकार ने नागरिकों को घर बैठे आसानी से सेवाएं प्रदान करने के लिए ‘अमा साथी चैटबॉट ऐप’ (Ama Sathi Chatbot) की शुरुआत की है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने इस आधुनिक डिजिटल व्यवस्था का आधिकारिक शुभारंभ किया।

पहले चरण में इस चैटबॉट के जरिए राजस्व विभाग की 16 महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। पहले जहां केवल 11 सेवाएं ही दी जाती थीं, वहीं अब इसके दायरे को और व्यापक बना दिया गया है। आने वाले समय में दो अन्य सेवाएं भी इसमें जोड़ी जाएंगी।

किन-किन सुविधाओं का मिलेगा लाभ?

प्रमाण पत्र: जाति (Cast Certificate), आय (Income Certificate) और निवास प्रमाण पत्र।

भूमि संबंधी सेवाएं: म्यूटेशन (दाखिल-खारिज), जमीन की किस्म में बदलाव और भूलेख से खतियान/पट्टा संबंधी जानकारी।

पंजीकरण: विवाह पंजीकरण और सोसाइटी रजिस्ट्रेशन।

आवेदन की स्थिति (Track Application): आवेदन जमा करने के बाद नागरिक चैटबॉट के माध्यम से अपने फाइल की रियल-टाइम स्थिति जांच सकते हैं, जिससे दफ्तर जाने की जरूरत खत्म हो जाएगी।

मंत्री सुरेश पुजारी ने बताया कि इस पारदर्शी व्यवस्था के तहत अब तक कॉलम-2 सुधार से जुड़े लगभग 1 करोड़ मामलों का निपटारा किया जा चुका है। राज्य में लगभग 1.65 करोड़ लोग व्हाट्सएप का उपयोग करते हैं, जिसे ध्यान में रखते हुए यह सेवा काफी आसान साबित होगी।

किसी भी प्रकार की शिकायत या समस्या के लिए नागरिक 9437292000 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। सरकार का लक्ष्य राजस्व प्रशासन में पूरी पारदर्शिता लाना और आम जनता का समय व पैसा बचाना है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m