बराड़ा अमनदीप कौर हत्याकांड में मुख्य आरोपी संदीप के साथ उसके पिता जोगिंद्र को भी गिरफ्तार किया गया है। सीसीटीवी फुटेज से खुलासा हुआ कि पिता ने शव ठिकाने लगाने में बेटे की मदद की थी।

अनिल शर्मा, अंबाला। अमनदीप कौर हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान एक चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। मुख्य आरोपी संदीप कुमार की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस ने उसके पिता जोगिंद्र कुमार को भी मामले में गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि जोगिंद्र ने हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने और सबूत मिटाने में अपने बेटे का पूरा साथ दिया था। कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी पिता को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। गौरतलब है कि अमनदीप कौर 21 मई को लापता हुई थी और बाद में हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब के जंगलों से उसका अधजला शव बरामद हुआ था। इस जघन्य हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी।

सीसीटीवी फुटेज ने खोला राज

मामले में नया मोड़ तब आया जब पुलिस ने घटनाक्रम से जुड़े सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में मुख्य आरोपी संदीप कुमार के साथ एक अन्य व्यक्ति गाड़ी में दिखाई दिया। गहन तकनीकी जांच और फुटेज के मिलान से पता चला कि यह व्यक्ति संदीप का पिता जोगिंद्र कुमार ही है, जो शव को हिमाचल ले जाने और वापस लौटने के दौरान उसके साथ मौजूद था। पुलिस ने संदीप को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर दोबारा पूछताछ की, जिसमें उसने स्वीकार किया कि शव को ठिकाने लगाने और जलाने की कार्रवाई में उसके पिता ने सक्रिय सहयोग किया था। इसी आधार पर पुलिस ने साक्ष्य जुटाते हुए जोगिंद्र को भी सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।

डीएसपी ने दी विस्तृत जानकारी

इस पूरे मामले पर जानकारी देते हुए डीएसपी सुरेश कौशिक ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों ने पिता की संलिप्तता को स्पष्ट रूप से साबित कर दिया है। डीएसपी ने कहा कि पूछताछ में संदीप ने खुद अपने पिता की भूमिका को स्वीकार किया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और यदि आगे की तफ्तीश में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि इस मामले में अमनदीप को कथित रूप से प्रेम संबंधों के चलते जहर देकर मारा गया था। पुलिस अब इस हत्याकांड से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके।