राकेश चतुर्वेदी, भोपाल/ छतरपुर। जिले के सरानी गांव से जुड़ी घटना सामने आई है, जो किसी भी परिवार के लिए दर्दनाक साबित हो सकती है। 23 वर्षीय अमर कुशवाहा बीते कई समय से दुबई के जेल में बंद हैं। वह 13 मई 2025 को घर से निकले थे और 16 मई को दुबई पहुंच गए थे। पेंटिंग का काम करने की उम्मीद लेकर वे दिल्ली से मुंबई और फिर मुंबई से दुबई गए थे। उनके साथ रियाज खान और नरेश अहिरवार भी थे।
तीनों को पप्पू सिंह नाम के एजेंट ने भेजा था। नरेश मिस्त्री का काम करने गए थे, जबकि अमर और रियाज पेंटर का काम करने की योजना लेकर निकले थे। दुबई एयरपोर्ट पर बीसीसी कंपनी के लोग उन्हें लेने आए थे। लगभग छह-सात महीने काम करने के बाद रियाज किसी अंसारी नाम के व्यक्ति के पास पहुंच गया और वहां से अमर को भी बुला लिया। इसके बाद रियाज और अंसारी ने मिलकर अमर के दस्तावेजों से फर्जी सिम कार्ड और खाते बनवा लिए।
पुलिस ने जब फर्जी सिम और खातों की धोखाधड़ी का मामला पकड़ा तो अमर को गिरफ्तार कर लिया गया। दो-तीन दिन बाद उन्हें छोड़ दिया गया, लेकिन उसके बाद अमर पांच-छह महीने तक बाहर भटकते रहे। किराए के कमरे में रहते हुए परिवार घर से पैसे भेजता रहा ताकि बेटा खाना-पीना चला सके।
इसी सितंबर महीने में लगभग पंद्रह-बीस दिन पहले दुबई के दो-तीन लोगों ने अमर से नब्बे हजार रुपये ले लिए। ये पैसे पिता बलवान कुशवाहा ने भारत से भेजे थे। उन लोगों ने वादा किया था कि वे अमर को डिपोर्ट सेंटर भेजकर पंद्रह दिनों में भारत वापस पहुंचा देंगे। लेकिन उन्होंने डिपोर्ट सेंटर की जगह अमर को दुबई की अलवरसा जेल में डाल दिया। आज भी अमर उसी जेल में बंद हैं। जेल से हर एक-दो हफ्ते में उनका फोन घर आता है। हाल ही में जब फोन आया तो अमर ने पुलिस से भी कहा कि उनकी निष्पक्ष जांच कराई जाए और उन्हें रिहा किया जाए।
पिता बलवान कुशवाहा इन दिनों जगह-जगह आवेदन देते घूम रहे हैं। उन्होंने छतरपुर के एसपी को, जिले के विधायक और नेताओं को, दिल्ली में प्रधानमंत्री कार्यालय को तथा विदेश मंत्रालय को आवेदन दिए हैं। मंत्रालय में आवेदन रखवाकर उन्हें आश्वासन भी मिला है कि काम हो जाएगा। परिवार की स्थिति बेहद खराब है। बेटे के बिना पूरा परिवार परेशान है। मां किरन कुशवाहा भी बेटे को भारत वापस बुलाने की गुहार लगा रही हैं।
बलवान कुशवाहा का साफ कहना है कि उनके बेटे ने कोई अपराध नहीं किया। फर्जीवाड़ा दूसरों ने उनकी आईडी कार्ड का इस्तेमाल करके किया। अब वे भारत सरकार, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से यही मांग कर रहे हैं कि उनके बेटे अमर कुशवाहा को जल्द से जल्द भारत वापस बुलाया जाए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


