सुप्रिया पांडेय, रायपुर। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के साथ सुबह-सुबह हुई मोबाइल लूट की घटना ने जहां रायपुर पुलिस की परेशानी बढ़ा दी है, वहीं विपक्ष के साथ-साथ सत्तापक्ष के भी नेताओं को मुखर कर दिया है. घटना को लेकर तरह-तरह के बयान दे रहे हैं, लेकिन इनमें सबसे अद्भुत बयान भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा का है, जिन्होंने घटना का कनेक्शन रथयात्रा से जोड़ दिया है.
यह भी पढ़ें : BREAKING: पूर्व विस अध्यक्ष कौशिक की बाइक सवारों ने लूटी मोबाइल, मॉर्निंग वॉक के दौरान हुई घटना…
उड़िया भाषी पुरंदर मिश्रा ने घटना को लेकर कहा, ‘कुछ लोग अपना खर्चा निकालने के लिए इस तरह के काम करते हैंं. इनकी नियत खराब होती है, इसलिए मोबाइल चोरी कर ले जाते हैं. जैसे रथ यात्रा में लोग अलग-अलग मनोकामना लेकर निकलते हैं. कोई कलेक्टर बनने की मांग करता है, कोई कुछ और मांगता है. लेकिन कुछ लोग ऐसे भी निकलते हैं, जिनका उद्देश्य चप्पल चोरी करना होता है. भगवान छोटी मांग जल्दी पूरी कर देते हैं. मोबाइल भी उसी छोटी चीज की तरह है. मैं पुलिस से निवेदन करुंगा कि कि उस चोर को जल्द पकड़ा जाए.’
पुरंदर मिश्रा से पहले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी घटना को लेकर सोशल मीडिया में तुकबंदी में बयान दिया है, जिसमें उन्होंने मुख्यमंत्री साय के ‘डायल 112’ की 400 वाहनों के फ्लैग ऑफ के दौरान की तस्वीर साझा करते हुए कहा, ‘आप “डायल 112” को हरी झंडी दिखाते रहिए, उधर धरमलाल कौशिक का मोबाइल छिनकर चोर “9-2-11” हो गए हैं.’
पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में लिखा, ‘छत्तीसगढ़वासी अपनी सुरक्षा स्वयं करें. अभी सूचना मिली है कि छत्तीसगढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेता, बिल्हा विधायक, पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरम लाल कौशिक जी के साथ आज मॉर्निंग वॉक के दौरान सिविल लाइन में लूटपाट हो गई है, चोर उनका मोबाइल छीनकर भाग गए.’
उन्होंने कहा, ‘सोचिए जरा, जब देश के गृहमंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ में हैं, उस समय “मॉर्निंग वॉक” के दौरान ऐसी घटना कथित “सुशासन” पर तमाचा है. विज्ञापनजीवी सरकार को अब तक समझ जाना चाहिए कि “सुशासन तिहार” नाम की चाशनी लपेटने से कड़वी सच्चाई का स्वाद नहीं बदलेगा.’
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

