Business Desk- Amazon Flipkart Festive Sale 2026 : अमेजन की Festive Sale आज, गुरुवार से शुरू हो गई है। वहीं फ्लिपकार्ट की सेल का Early Access 8 अक्टूबर से Plus, Black और Flipkart Credit Card Members को मिल रहा है। सभी यूजर्स के लिए फ्लिपकार्ट की सेल 9 अक्टूबर से शुरू होगी। दोनों कंपनियों की फेस्टिव सेल में 80% तक के ऑफर और डिस्काउंट मिल सकते हैं।

नवरात्रि से शुरू होकर धनतेरस और दिवाली तक चलने वाले इस फेस्टिव सीजन में देश में सबसे ज्यादा ऑनलाइन और ऑफलाइन खरीदारी होती है। अगर आप भी नया फोन, टीवी, लैपटॉप या घर का सामान खरीदने का प्लान बना रहे हैं, तो सिर्फ बड़ा डिस्काउंट देखकर खरीदारी न करें। कुछ जरूरी बातें पहले जांच लेने से पैसे बच सकते हैं और फर्जी ऑफर से भी बचा जा सकता है।
ऑनलाइन और ऑफलाइन: क्या कहां से खरीदें?
हर सामान ऑनलाइन खरीदना फायदेमंद नहीं है। मोबाइल, लैपटॉप, स्मार्ट टीवी, वॉशिंग मशीन, फ्रिज और ब्रांडेड इलेक्ट्रॉनिक्स अमेजन-फ्लिपकार्ट से खरीदना बेहतर हो सकता है। इन सामानों पर ऑनलाइन कंपनियां ज्यादा ऑफर देती हैं। बैंक कार्ड से भुगतान पर 10% तक का डिस्काउंट और पुराने सामान पर एक्सचेंज बोनस भी मिल सकता है।
वहीं कपड़े, दीये, दिवाली की सजावट, बर्तन और भारी फर्नीचर स्थानीय बाजार से खरीदना ज्यादा बेहतर हो सकता है। यहां कपड़े का कपड़ा और फर्नीचर की मजबूती खुद देखकर परखी जा सकती है। साथ ही दुकानदार से मोलभाव करने और सामान तुरंत घर ले जाने का फायदा भी मिलता है।
कार्ड और पुराने सामान से डबल बचत
सिर्फ सामान पर मिलने वाला डिस्काउंट न देखें। बैंक ऑफर और एक्सचेंज ऑफर को साथ जोड़कर ज्यादा बचत की जा सकती है।
मान लीजिए 20 हजार रुपए का फोन खरीदना है और पुराने फोन पर 4 हजार रुपए का एक्सचेंज बोनस मिल गया। ऐसे में फोन की कीमत 16 हजार रुपए रह जाएगी। इसके बाद SBI, ICICI या Axis Bank के कार्ड से भुगतान करने पर 10% इंस्टेंट डिस्काउंट भी मिल सकता है।
हालांकि हर सामान और बैंक ऑफर की शर्तें अलग हो सकती हैं। इसलिए भुगतान करने से पहले ऑफर की पूरी शर्त जरूर पढ़ें।
No-Cost EMI में भी इन खर्चों का रखें ध्यान
No-Cost EMI में ब्याज नहीं लिया जाता, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि आपको कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा। बैंक प्रोसेसिंग फीस ले सकता है और उस फीस पर 18% GST भी लग सकता है।
इसलिए किस्त चुनने से पहले यह जरूर जोड़ लें कि सामान के लिए कुल कितना पैसा देना होगा। सिर्फ हर महीने की कम किस्त देखकर फैसला न करें।
फर्जी डिस्काउंट और छिपे चार्ज से ऐसे बचें
सेल में 50% या 70% डिस्काउंट देखकर तुरंत खरीदारी न करें। कई बार सेल से कुछ दिन पहले सामान की कीमत बढ़ाकर बाद में बड़ा डिस्काउंट दिखाया जा सकता है।
इससे बचने के लिए Price History जरूर देखें। Google पर Price History या Keepa जैसे मुफ्त टूल से पिछले 2-3 महीनों में सामान की कीमत कितनी रही, यह जांच सकते हैं।
साथ ही सामान की Return Policy जरूर पढ़ें। कुछ प्रोडक्ट पर ‘No Return’ हो सकता है। ऐसी स्थिति में सामान पसंद नहीं आने पर पैसा वापस नहीं मिलेगा और केवल खराबी होने पर Replacement मिल सकता है। भुगतान से पहले Packing Charge, Delivery Fee, Insurance या दूसरे छिपे शुल्क भी जांच लें।
महंगा सामान लेते समय Open Box Delivery जरूर चुनें
फोन, टीवी और लैपटॉप जैसे महंगे सामान की डिलीवरी लेते समय Open Box Delivery का विकल्प हो तो उसे चुनें। डिलीवरी के समय कर्मचारी के सामने ही बॉक्स खुलवाकर सामान की जांच करें। सामान सही होने पर ही OTP दें।
अगर Open Box Delivery की सुविधा नहीं है, तो पैकेट खोलते समय बिना रोक या कट के पूरा Unboxing Video बनाएं। गलत या खराब सामान मिलने पर यह वीडियो शिकायत और रिफंड या रिप्लेसमेंट के दावे में काम आ सकता है।
भुगतान से पहले ये 5 बातें जरूर जांचें
- बैंक कार्ड का 10% डिस्काउंट और कूपन लगाया है या नहीं।
- सामान की पुरानी कीमत जांची है या नहीं।
- सामान पर Return मिलेगा या सिर्फ Replacement।
- भुगतान के समय कोई अतिरिक्त Insurance या Packing Fee तो नहीं जुड़ी।
- Exchange Offer और No-Cost EMI की सभी शर्तें पढ़ ली हैं या नहीं।
फेस्टिव सेल में सबसे ज्यादा डिस्काउंट वाला सामान खरीदना ही समझदारी नहीं है। सही कीमत, ऑफर, वापसी की शर्त और कुल भुगतान जांचने के बाद खरीदारी करेंगे, तभी सेल में आपकी असली बचत होगी।

