अंबाला। हरियाणा के अंबाला में मैट्रीमोनी वेबसाइट पर शादी का रिश्ता तलाश रही एक युवती और उसके परिवार से लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को पंजाब एसटीएफ (STF) का एनकाउंटर स्पेशलिस्ट अधिकारी बताकर परिवार का भरोसा जीता और बाद में युवती के दस्तावेजों पर लोन लेने के साथ ही घर से करीब 25 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने चोरी कर लिए। आर्थिक अपराध शाखा (EOW) की जांच रिपोर्ट के आधार पर अंबाला के महेश नगर थाना पुलिस ने आरोपी युवक और पीड़िता के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मैट्रीमोनी साइट से संपर्क और 80 करोड़ की संपत्ति का दावा
अंबाला छावनी के बीडी फ्लोर मिल, हरी नगर निवासी नानक चंद अपनी 24 साल की बेटी रितु के लिए शादी का रिश्ता तलाश रहे थे। रितु ने एक मैट्रीमोनी साइट पर अपनी प्रोफाइल बनाई थी, जिसके जरिए जुलाई 2026 में विद्युत उर्फ विशाल नाम के युवक ने उनसे संपर्क किया। आरोपी ने खुद को पंजाब एसटीएफ जालंधर में तैनात एनकाउंटर स्पेशलिस्ट अधिकारी बताया और मोहाली फेज-2 में अपना घर होने के साथ 80 करोड़ रुपये की संपत्ति होने का दावा किया। उसने नवरात्र में अपने परिजनों के साथ अंबाला आकर रिश्ता पक्का करने का भरोसा देकर पूरे परिवार का विश्वास जीत लिया।
दस्तावेजों पर लिया लोन और भाई के मोबाइल OTP का इस्तेमाल
परिवार का भरोसा जीतने के बाद आरोपी ने युवती को पूरी तरह अपने प्रभाव में ले लिया। शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने युवती के निजी दस्तावेजों का इस्तेमाल करके उसके नाम पर लोन लिया। इसके अलावा, आरोपी ने युवती के भाई के मोबाइल फोन पर आए ओटीपी (OTP) का इस्तेमाल कर बैंकिंग जानकारी का गलत फायदा उठाया और वित्तीय लाभ प्राप्त किया।
25 लाख के गहने चोरी कर चंडीगढ़ में रहने लगे
पीड़ित पिता नानक चंद का आरोप है कि इसी दौरान उनके घर से करीब 25 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए। इसके बाद युवती आरोपी विद्युत उर्फ विशाल के साथ चंडीगढ़ चली गई, जहां दोनों पीजी (PG) लेकर साथ रहने लगे।
EOW की जांच के बाद पुलिस ने दर्ज की FIR
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसकी जांच आर्थिक अपराध शाखा (EOW) को सौंपी गई थी। ईओडब्ल्यू की जांच रिपोर्ट आने के बाद अब महेश नगर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी, चोरी और आपराधिक षड्यंत्र की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अब आरोपी की असल पहचान, उसके एसटीएफ में होने के दावे, संपत्ति, लोन और आभूषणों की चोरी से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

