राघव विज , अंबाला। अंबाला में नगर निगम चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही वार्ड नंबर 8 में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इस वार्ड से पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर मीना ढींगरा की टीम पूरी तरह चुनावी मोड में आ गई है और जीत सुनिश्चित करने के लिए रणनीति पर तेजी से काम कर रही है।
चुनाव की घोषणा के बाद मीना ढींगरा के समर्थकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। चुनावी कमान उनके पति और भाजपा के वरिष्ठ नेता सुंदर ढींगरा ने अपने हाथों में ले ली है। इसी क्रम में सुंदर ढींगरा ने अपनी कोर टीम के साथ अहम बैठक की, जिसमें बूथ स्तर तक पहुंच बनाने और प्रचार अभियान को मजबूत करने की रणनीति तैयार की गई।

बनाई गई मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करने की योजना
मीडिया से बातचीत में सुंदर ढींगरा ने कहा कि उनकी टीम पहले से ही क्षेत्र में सक्रिय है और वार्ड में कराए गए विकास कार्य ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने बताया कि हर घर तक पहुंचने और मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करने की योजना बनाई गई है।
जीत हासिल करने को लेकर आश्वस्त
वार्ड 8 में मीना ढींगरा की टीम पूरी तैयारी के साथ चुनावी मैदान में उतर चुकी है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे विरोधियों को कड़ी टक्कर देने के लिए तैयार हैं और इस बार भी जीत हासिल करने को लेकर आश्वस्त हैं।अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि क्या विकास के मुद्दे और मजबूत चुनावी रणनीति के सहारे मीना ढींगरा की टीम एक बार फिर वार्ड 8 में जीत का परचम लहरा पाएगी।

