राघव विज, अंबाला। अंबाला नगर निगम चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। आज से शहर में बैठकों का दौर शुरू हो गया है, जिसमें पार्टी के बड़े नेताओं ने चुनावी मोर्चा संभाल लिया है। नगर निगम चुनाव प्रभारी रणबीर गंगवा ने कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक की, जिसमें आगामी चुनावों की रणनीति पर चर्चा की गई। इस दौरान हरियाणा के पूर्व मंत्री असीम गोयल भी मौजूद रहे।

अंबाला में नगर निगम चुनावों की घोषणा, एक्शन में बीजेपी

अंबाला में नगर निगम चुनावों की घोषणा के साथ ही सत्ताधारी भाजपा पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। चुनाव प्रभारी रणबीर गंगवा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने और एकजुट होकर चुनाव लड़ने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा इन चुनावों को पूरी गंभीरता से ले रही है। गंगवा ने इस अवसर पर संसद में पेश हुए महिला आरक्षण विधेयक का स्वागत करते हुए देश की महिलाओं को बधाई भी दी।

पूर्व मंत्री असीम गोयल ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश

बैठक के दौरान पूर्व मंत्री असीम गोयल ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि भाजपा की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही। गोयल ने कहा कि पार्टी का कुनबा लगातार बढ़ रहा है और जिसे भी टिकट मिलेगा, पूरा संगठन उसे जिताने के लिए कार्य करेगा। उन्होंने महिला आरक्षण बिल को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की आधी आबादी को उनका वास्तविक हक दिया है।