अंबाला पुलिस की CIA-02 इकाई ने 1 किलो हेरोइन तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए चौथे आरोपी राहुल कुमार को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल चार गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
अनिल शर्मा, अंबाला। पुलिस की सीआईए-02 (CIA-02) टीम ने नशा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क पर कड़ा प्रहार करते हुए 1 किलो हेरोइन बरामदगी के मामले में चौथे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। सहायक उप-निरीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व वाली टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल कुमार, निवासी डेहा कॉलोनी, अम्बाला छावनी को दबोचा है। यह गिरफ्तारी उस जांच की कड़ी है जो 10 अप्रैल 2026 को शुरू हुई थी, जब मुख्य आरोपी आरीमन को कविता विहार (गांव सलारेहड़ी के नजदीक) से भारी मात्रा में हेरोइन के साथ पकड़ा गया था।
मामले में अब तक हुईं गिरफ्तारियां
10 अप्रैल को मुख्य आरोपी आरीमन की गिरफ्तारी के बाद थाना महेश नगर में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस की गहन पूछताछ और जांच के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही थी। इसी जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस अब तक इस केस में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। ताजा कार्रवाई में पकड़े गए आरोपी राहुल कुमार को पुलिस ने माननीय न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
नशा माफियाओं पर पुलिस अधीक्षक का सख्त रुख
पुलिस अधीक्षक (SP) अजीत सिंह शेखावत ने स्पष्ट संदेश दिया कि अम्बाला में नशे का कारोबार करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों पर नकेल कसने के लिए पुलिस की स्पेशल टीमें हर समय अलर्ट मोड पर हैं। हमारा सूचना तंत्र लगातार मजबूत हो रहा है और आने वाले दिनों में नशा माफियाओं के खिलाफ और भी कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस का लक्ष्य जिले को पूरी तरह नशा मुक्त बनाना है, जिसके लिए संदिग्धों पर पैनी नजर रखी जा रही है।

