अंबाला। जनता दरबार के दौरान सामने आई शिकायतों पर कार्रवाई नहीं करने के मामले में पुलिस के दो ASI को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने 21 सितंबर 2026 को दोनों के निलंबन के आदेश जारी किए। निलंबित पुलिसकर्मियों में ASI गुरदेव सिंह और ASI सुखविंदर सिंह शामिल हैं। दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइंस अंबाला भेज दिया गया है।

मंत्री अनिल विज की जनसुनवाई में सामने आई थीं शिकायतें

दरअसल, 18 सितंबर को अंबाला में मंत्री अनिल विज की जनसुनवाई हुई थी। इस दौरान पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर दो शिकायतें सामने आई थीं। दोनों मामलों में चोरी जैसे अपराधों की सूचना मिलने के बावजूद FIR दर्ज नहीं करने और समय पर कार्रवाई नहीं करने के आरोप लगाए गए थे।

इन शिकायतों के बाद पुलिस अधीक्षक ने दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की।

ASI गुरदेव सिंह पर FIR नहीं करने का आरोप

पहले मामले में पुलिस पोस्ट हाउसिंग बोर्ड के इंचार्ज ASI गुरदेव सिंह के खिलाफ कार्रवाई की गई है। निलंबन आदेश के मुताबिक, शिकायतकर्ता पंडित अजय कुमार ने जनता दरबार में शिकायत दी थी।

शिकायत में बताया गया कि उनके कमरे का ताला तोड़कर आभूषण चोरी किए गए। शिकायतकर्ता ने पंकज शर्मा पर ताला तोड़कर चोरी करने का आरोप लगाया था।

शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने पुलिस पोस्ट हाउसिंग बोर्ड में मामले की शिकायत दी थी। उनका आरोप था कि इसके बावजूद उचित कार्रवाई नहीं की गई।

उच्च अधिकारियों के निर्देशों का पालन नहीं करने की बात

निलंबन आदेश में कहा गया है कि अपराध की सूचना मिलने के बावजूद मामले को गंभीरता और तत्परता से नहीं लिया गया। साथ ही FIR दर्ज करने संबंधी उच्च अधिकारियों के निर्देशों का पालन नहीं किया गया।

इसी मामले में ASI गुरदेव सिंह के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।

ASI सुखविंदर सिंह भी निलंबित

दूसरे मामले में ASI सुखविंदर सिंह के खिलाफ कार्रवाई की गई है। जनता दरबार में सामने आई दूसरी शिकायत भी पुलिस की कार्यप्रणाली और समय पर कार्रवाई नहीं किए जाने से जुड़ी थी। पुलिस अधीक्षक के आदेश के बाद दोनों ASI को निलंबित कर पुलिस लाइंस अंबाला भेज दिया गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m