Ambala Python Rescue : अंबाला। हिमाचल की ओर आने-जाने वाली एक कार में ऐसा अनचाहा मेहमान सवार हो गया, जिसका पता चलते ही लोगों में हड़कंप मच गया। कार के बोनट में विशालकाय अजगर छिपा बैठा था। उसे बाहर निकालना आसान नहीं था। सूचना मिलते ही वन्यजीव विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद शुरू हुआ रेस्क्यू अभियान करीब तीन घंटे तक चला।
मामला अंबाला शहर के परशुराम नगर का है। यहां अजगर दिखाई देने की सूचना आपातकालीन नंबर 112 के जरिए मिली थी। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर वाइल्ड लाइफ आकाश चहल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उस समय बारिश हो रही थी। अजगर को देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ भी जमा हो गई थी। इतने विशाल सांप को देखकर लोग सहमे हुए थे।
इंजन के पुर्जे खोलने पड़े, तब निकला अजगर
कार के बोनट में छिपे अजगर को सुरक्षित बाहर निकालना टीम के लिए बड़ी चुनौती बन गया। उसे खींचकर बाहर निकालने से चोट लगने का खतरा था। ऐसे में टीम ने सावधानी से रेस्क्यू करने का फैसला लिया। इसके लिए गाड़ी के मैकेनिक को भी बुलाना पड़ा। अजगर तक पहुंचने के लिए इंजन के कई पुर्जे खोलने पड़े।
टीम ने बिना जल्दबाजी किए अजगर को बाहर निकालने की कोशिश जारी रखी। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आखिरकार उसे सुरक्षित पकड़ लिया गया। इसके बाद कॉलोनी के लोगों ने राहत की सांस ली।
हिमाचल से कार में बैठकर आने की आशंका
वन्यजीव विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, अंबाला शहर में अजगर सामान्य रूप से नहीं पाया जाता। यहां सांपों की दूसरी प्रजातियां जरूर मिलती हैं। जिस कार के बोनट में अजगर मिला, वह अक्सर हिमाचल प्रदेश जाती थी। ऐसे में विभाग को आशंका है कि अजगर रास्ते में कार में चढ़ गया होगा और उसी के साथ अंबाला पहुंच गया।
हालांकि, उसके हिमाचल से ही आने की पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल अजगर को सुरक्षित पकड़ने के बाद उसे कालाआम क्षेत्र के जंगल में छोड़ने की बात कही गई है।
वन्यजीव दिखे तो खुद पकड़ने की कोशिश न करें
वन्यजीव विभाग ने लोगों से अपील की है कि सांप या कोई अन्य जंगली जीव दिखाई देने पर घबराएं नहीं। उसे मारने या चोट पहुंचाने की कोशिश भी न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत वन्यजीव विभाग को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित टीम सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर सके। वन्यजीवों की रक्षा करना पर्यावरण और प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

