मुंबई। ‘बार्कलेज प्राइवेट क्लाइंट्स हुरुन इंडिया मोस्ट वैल्यूएबल फैमिली बिजनेस लिस्ट 2026’ जारी हो चुका है। सूची के अनुसार, वर्ष 2026 में संपत्ति 8.5 प्रतिशत घटकर 25.8 लाख करोड़ रुपये रहने के बावजूद मुकेश अंबानी का परिवार भारत के सबसे अमीर कारोबारी परिवार के रूप में अपनी जगह बनाए हुए है। वहीं अहमदाबाद का गौतम अडानी परिवार 19.6 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ पहली पीढ़ी में सबसे अमीर के रूप में उभरा है।
सूची के अनुसार, दूरसंचार कंपनी एयरटेल के प्रवर्तक सुनील भारती मित्तल 12.1 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर हैं, जो उन्हें पहली पीढ़ी के परिवारों में दूसरे स्थान पर रखता है, और उसके बाद कुमार मंगलम बिड़ला 8.14 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
हुरुन इंडिया के संस्थापक और मुख्य शोधकर्ता अनस रहमान जुनैद ने कहा, ‘भारत का सबसे मूल्यवान पारिवारिक कारोबार अब 1,460 अरब डॉलर या 138 लाख करोड़ रुपये का है। अगर यह सूची एक देश होती तो यह जीडीपी के हिसाब से दुनिया की 18वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में रैंक करता, जो नीदरलैंड, सऊदी अरब, स्विट्जरलैंड और पोलैंड से भी बड़ी होती।’
सूची के अनुसार, भारत के शीर्ष 300 पारिवारिक व्यवसायों ने पिछले दो वर्षों में हर दिन 4,076 करोड़ रुपये का मूल्य जोड़ा है।
शाही एक्सपोर्ट्स के आहूजा परिवार ने सूची में सबसे अधिक तीन साल की मूल्य वृद्धि दर्ज की, जिसकी संपत्ति 352 प्रतिशत बढ़कर 37,500 करोड़ रुपये हो गई, जबकि गरवारे हाई-टेक फिल्म्स के शशिकांत भालचंद्र गरवारे परिवार ने संपत्ति में 300 प्रतिशत की वृद्धि के साथ तीन वर्षों में 61 स्थान की छलांग लगाकर सबसे तेज रैंक लाभ हासिल किया।
सूची में कहा गया है कि जिंदल परिवार ने तीन साल में 3.3 लाख करोड़ रुपये की वृद्धि के साथ 8.02 लाख करोड़ रुपये का कारोबार किया, जो संपत्ति में 70 प्रतिशत की वृद्धि है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


