अंबेडकरनगर के मालीपुर थाना क्षेत्र में पुलिस अधीक्षक हेडक्वार्टर आशुतोष मिश्रा की 94 वर्षीय मां इंद्रावती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. जेवर गायब मिलने और मुंह से खून निकलने के बाद परिजनों ने हत्या कर आभूषण लूटे जाने की आशंका जताई है.

अंबेडकरनगर. जिले के मालीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रूढ़ा धमरूआ में रविवार दोपहर बाद उत्तर प्रदेश पुलिस में पुलिस अधीक्षक हेडक्वार्टर के पद पर तैनात आशुतोष मिश्रा की 94 वर्षीय मां इंद्रावती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका के शरीर से सोने के जेवर गायब मिले और मुंह से खून निकल रहा था, जिसके बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई.

बताया गया कि 16 अगस्त को दोपहर करीब 3:50 बजे आशुतोष मिश्रा को उनके चाचा सचिंद्र मिश्रा ने फोन पर जानकारी दी कि उनकी मां इंद्रावती को हार्ट अटैक आया है और उनकी मौत हो गई है. सूचना मिलने के बाद आशुतोष मिश्रा लखनऊ से अपने घर पहुंचे.

जेवर गायब मिलने से सवाल

परिजनों के साथ शव देखने पर परिस्थितियां सामान्य नहीं लगीं. परिजनों के मुताबिक, मृतका के गले से सोने की चेन, सोने के दानों वाली तुलसी की माला, नाक की कील और कान के टॉप्स गायब थे.

इसके अलावा पैरों में पहनी जाने वाली पायल भी शव पर नहीं मिली. मृतका के मुंह से खून निकलने की बात भी सामने आई, जिससे परिजनों ने मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए हत्या कर आभूषण लूटे जाने की आशंका जताई.

पुलिस ने शुरू की जांच

हार्ट अटैक से मौत की सूचना के बाद जेवर गायब मिलने और मुंह से खून निकलने की जानकारी पर मालीपुर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरवाकर उसे पोस्टमार्टम के लिए अकबरपुर स्थित मोर्चरी भेज दिया.

पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन कर रहे हैं. मामले में प्रार्थना पत्र के आधार पर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है और मौत के कारणों की जांच की जा रही है.

अब मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट महत्वपूर्ण मानी जा रही है. संदिग्ध परिस्थितियों में हुई इस मौत से पुलिस विभाग से जुड़े परिवार में भी चिंता का माहौल है.